“लखनऊ में गोल्ड स्कैम का खुलासा!
लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में स्थित M/s Harsahay Mal Shyamlal Jewellers Pvt. Ltd. में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ज्वेलरी कंपनी में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी ने लंबे समय तक कंपनी से सोने के आभूषण चोरी कर ढाई किलो सोना गायब कर दिया। कंपनी को यह बात तब पता चली जब धनतेरस से ठीक एक दिन पहले स्टॉक चेकिंग के दौरान करोड़ों रुपए के सोने और हीरे के गहनों की कमी मिली। जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया।
स्टॉक चेकिंग में खुली चोरी की परतें:
कंपनी की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि जब धनतेरस से पहले स्टॉक का मिलान किया गया तो बड़ी मात्रा में सोना और हीरे के गहने गायब मिले। इस पर कंपनी प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो खुलासा हुआ कि बैंक ऑफिस एग्जीक्यूटिव (Bank Office Executive) के पद पर कार्यरत कोमल श्रीवास्तव पिछले कई दिनों से सोने के आभूषण चोरी कर ऑफिस से बाहर ले जा रही थी।
सीसीटीवी में कैद हुई सोने की चोरी:
फुटेज में साफ दिखाई दिया कि 15 और 16 अक्टूबर को कोमल श्रीवास्तव अपने कपड़ों में सोने के गहने छिपाकर ऑफिस से बाहर निकल रही थी। उसकी गतिविधियों पर शक गहराने के बाद कंपनी ने जब आंतरिक जांच शुरू की तो पूरे मामले की पोल खुल गई।
ढाई किलो सोना चोरी की बात खुद कबूली:
प्रारंभिक पूछताछ में कोमल श्रीवास्तव ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से धीरे-धीरे कंपनी से सोने के आभूषण चुरा रही थी। कुल मिलाकर उसने लगभग ढाई किलो सोना हड़प लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि इन गहनों को उसने अपने पति रितेश श्रीवास्तव की मदद से शहर के विभिन्न सोनारों को कम कीमत पर बेचा।
चोरी के पैसों से खरीदी संपत्ति और ज्वेलरी:
कोमल ने आगे बताया कि सोना बेचकर प्राप्त रकम से उसने कई संपत्तियां खरीदीं और नई ज्वेलरी भी बनवाई। इसके अलावा उसने अपनी कार का लोन भी इसी चोरी के पैसों से चुकाया। कंपनी प्रबंधन ने इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दे दी है और विस्तृत जांच की जा रही है।
कंपनी में मचा हड़कंप:
घटना के बाद M/s Harsahay Mal Shyamlal Jewellers Pvt. Ltd. के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि वे सभी संबंधित रिकॉर्ड और सबूत पुलिस को सौंप रहे हैं ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।
#Tags: #LucknowCrime, #JewelleryTheft, #GoldScam, #KomalSrivastava, #GomtinagarNews
डिस्क्लेमर: यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है।