लखनऊ (Lucknow) के मदेयगंज इलाके में बुधवार तड़के एक कैब चालक ने नया पक्का पुल पर कार खड़ी करने के बाद गोमती नदी में छलांग लगा दी। नदी में युवक को छटपटाते और मदद के लिए आवाज लगाते देख गश्त कर रही पुलिस टीम ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने नाव की मदद से युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
गश्त के दौरान नदी में दिखा युवक:
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच मदेयगंज थाने की पॉलीगन मोबाइल टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान नया पक्का पुल पर एक कार खड़ी दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने आसपास नजर दौड़ाई तो एक युवक गोमती नदी में डूबता हुआ दिखाई दिया। युवक मदद के लिए चिल्ला रहा था, जिसके बाद पुलिस टीम ने बिना देर किए उसे बचाने की कार्रवाई शुरू की।
सिपाही ने नाव से पहुंचकर बचाया:
पॉलीगन मोबाइल टीम में तैनात सिपाही अवधेश कुमार ने कुड़ियाघाट के पास से नाव ली और खुद नाव चलाकर नदी में युवक के पास पहुंचे। काफी प्रयास के बाद उन्होंने युवक को नाव में बैठाया और सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। पुलिस की तत्परता से युवक को समय रहते नदी से बाहर निकाला जा सका।
प्रतापगढ़ का रहने वाला है युवक:
पुलिस की पूछताछ में युवक की पहचान शाश्वत शुक्ला निवासी प्रतापगढ़ (Pratapgarh) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस टीम ने युवक से घटना के संबंध में जानकारी भी ली।
लोन की किस्त और चालान से था परेशान:
पुलिस के अनुसार, शाश्वत ने बताया कि वह ओला-उबर (Ola-Uber) ऐप के माध्यम से कैब चलाता है। उसकी कार के लोन की कई किस्तें समय से जमा नहीं हो सकीं। इसके अलावा कार पर लाखों रुपये के चालान भी हो गए थे। युवक ने पुलिस को बताया कि आर्थिक परेशानी के चलते उसने आत्महत्या के इरादे से गोमती नदी में छलांग लगाई थी।
काउंसिलिंग के बाद परिजनों को सौंपा:
युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस टीम ने उसे समझाया-बुझाया। इसके बाद उसकी काउंसिलिंग की गई और उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के दौरान पुलिस टीम की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से युवक को सुरक्षित बचाया जा सका।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#Tag: #LucknowNews