कुंभ में 102 कोरोना पॉजिटिव, मरकज से तुलना पर भड़के सीएम
हरिद्वार। बेशक उत्तराखंड समेत देशभर में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार का खौफ दिख रहा हो, लेकिन हरिद्वार महाकुंभ (Haridwar Mahakumbh) में इसका असर न के बराबर दिख रहा है. दरअसल, मास्क, सोशल डिस्टेंस और कोरोना के नियम भूलकर लाखों की संख्या में भक्त कुंभ में पहुंच रहे हैं. यही नहीं, इस दौरान उत्तराखंड सरकार को भी थर्मल स्क्रीनिंग और मास्क के नियम के पालन के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. जबकि इस प्वाइंट पर मेला प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है. हालांकि सीएम तीरथ सिंह रावत ने दावा किया है कि शाही स्नान के दौरान राज्य सरकार ने केंद्र की ओर से जारी की गई कोराना गाइडलाइंस का पूरी तरह से पालन किया है.
कुंभ मेला पुलिस नियंत्रण कक्ष के मुताबिक, सोमवार हुए दूसरे शाही स्नान में 31 लाख से ज्यादा भक्तों ने भाग लिया था. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस दौरान रविवार रात 11:30 बजे से सोमवार शाम पांच बजे तक 18169 श्रद्धालुओं की कोरोना टेस्ट किया गया, जिसमें से 102 पॉजिटिव पाए गए हैं.(सोर्स: न्यूज़ 18)
अब कुंभ को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जहां एक तरफ कोरोना से बचाव के लिए हर जगह स्कूल कॉलेज बंद किए जा थे हैं। देश के कई हिस्सों में लॉकडाउन की स्थिति उत्पन्न हो गई है, ऐसे में कुंभ में लाखों लोगों का पहुंचना, किसी भयावह स्थिति से कम नहीं होगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि कुंभ में 35 लाख़ श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान है।
मरकज से कुंभ की तुलना पर सीएम भड़के
कुंभ में सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सोमवती अमावस्या पर शाही स्नान किया. शाही स्नान के दौरान घाटों पर उमड़ी भीड़ के फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हुए. लोगों ने इसकी तुलना 2020 में दिल्ली स्थित निजामुद्दीन दरगाह में हुए मरकज से करते हुए आलोचनाएं भी की. लेकिन इसका जवाब उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सहजता से दिया और कहा कि “कुंभ की तुलना मरकज से नहीं की जा सकती है. उन्होंने कहा कि मरकज एक हॉल के अंदर था. उसी हॉल में लोग सोते भी थे. वहीं कुंभ में 16 घाट हैं. केवल हरिद्वार ही नहीं कुंभ ऋषिकेश से लेकर नीलकंठ तक फैला है. लोग एक सही जगह पर स्नान कर रहे हैं और इसके लिए भी समय सीमा है. इसकी तुलना मरकज से कैसे की जा सकती है.”
खैर सीएम साहब को ये ध्यान देना चाहिए की देश के कई शहरों की जनसंख्या 35 लाख़ से भी कम होती है, आप तो 16 घाटों पर इसे समेट रहे हैं और सवाल तो ये भी होना चाहिए कि क्या आस्था और चुनावी रैलियों के सामने कोरोना जैसा खतरनाक वायरस बेबस हो जाता है? बहरहाल सीएम रावत ने कहा है कि COVID गाइडलाइन का पालन हो रहा है।