रिपोर्ट: हसीन अंसारी
Ghazipur: खानपुर थाना क्षेत्र के करमपुर गांव में शुक्रवार को गैस सिलेंडर से हुई लीकेज ने बड़ा हादसा कर दिया। तेरहवीं के कार्यक्रम में भोजन पकाते समय अचानक सिलेंडर से गैस रिसने लगी और देखते ही देखते आग भड़क उठी। इस हादसे में 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें 3 बच्चे और 1 महिला भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, करमपुर गांव में तेरहवीं के कार्यक्रम के चलते घर में भोजन पकाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर से अचानक रिसाव हुआ और आग लग गई। आग की चपेट में आकर 48 वर्षीय रूपा राजभर, 40 वर्षीय दिनेश, 36 वर्षीय मनोज, 26 वर्षीय जोखन, 55 वर्षीय शंकर पाल, 50 वर्षीय जोखन गोंड़, 13 वर्षीय निकेत, 8 वर्षीय सत्यम और 4 वर्षीय आर्यन झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसे लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज के ईएमओ डॉ. प्रत्यूष श्रीवास्तव ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शी धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि लोग संभल भी नहीं पाए।
पुलिस प्रशासन ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
गाजीपुर में सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा, 9 लोग झुलसे

