गाजीपुर में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, एक शातिर गिरफ्तार

रिपोर्ट: हसीन अंसारी

Ghazipur: जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।

मुठभेड़ में घायल तस्कर की पहचान दिनेश बिंद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, पिकअप वाहन और असम से लाए गए आठ गोवंश बरामद किए हैं।

सीओ कुड़कुड़ा सुधाकर पांडेय ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिनेश बिंद का लंबा आपराधिक इतिहास है। वह लंबे समय से गौ तस्करी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस को उसकी गतिविधियों की सूचना पहले से थी और चेकिंग के दौरान वह पिकअप वाहन में गोवंश लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। रोकने पर उसने पुलिस पर फायर झोंका, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी हिरासत में लेकर कानून के हवाले किया जाएगा।

पुलिस द्वारा बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने इलाके में गश्त और सख्ती बढ़ा दी है, ताकि गौ तस्करी की ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading