नोएडा के फूड आउटलेट्स में मिले फंगस, चूहे और एक्सपायर्ड नॉनवेज! लखनऊ और गोरखपुर में भी खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन
लखनऊ (Lucknow), 18 सितंबर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने फास्ट फूड चेन, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की। लखनऊ (Lucknow), नोएडा (Noida) और गोरखपुर (Gorakhpur) में कुल 152 टीमों ने 233 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आई कमियों पर 163 सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं गंभीर अनियमितताएं मिलने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन और खाद्य कारोबार बंद कराने की कार्रवाई की गई।
लखनऊ में 78 प्रतिष्ठानों की जांच:
लखनऊ में 52 टीमों ने 78 फूड कोर्ट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 42 सुधार नोटिस जारी किए गए। विभागीय जांच में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, स्वच्छता, कच्चे और पके भोजन को अलग-अलग रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन से जुड़ी कमियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान सबवे, शालीमार गेटवे और आलमबाग में पर्याप्त जल निकासी व्यवस्था तथा स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। परिसर में चूहों की मौजूदगी और खाद्य पदार्थों के दूषित होने की स्थिति सामने आने पर खाद्य कारोबार बंद कराया गया।
गोली वड़ा पाव और आर्क बलेनो में भी चूहों की मौजूदगी, अस्वच्छ परिस्थितियां तथा दीवारों और खाद्य पदार्थों में फंगस पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद प्रतिष्ठानों को बंद कराने की संस्तुति की गई।
बीकानेरवाला, फन मॉल में खाद्य पदार्थों में फंगस, परिसर में चूहों की मौजूदगी, दुर्गंध, ग्रेवी के दूषित होने और जलभराव जैसी कमियां मिलीं। इसके चलते प्रतिष्ठान बंद कराया गया और उसकी अनुज्ञप्ति निलंबित की गई।
नोएडा में रसोई की बदहाली सामने आई:
नोएडा में 57 टीमों ने 71 प्रतिष्ठानों की जांच की और 42 सुधार नोटिस जारी किए। कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियां पाई गईं। विभाग के अनुसार, कुछ रसोइयों में फंगस, चूहों की मौजूदगी, गंदगी, समय सीमा समाप्त हो चुके मांसाहारी खाद्य पदार्थ और अस्वच्छ परिस्थितियां सामने आईं।
जांच के दौरान मोती महल डिलक्स, निहाऊ, पंजाबी ढाबा-61, कैसल बारबेक्यू, रोड हाउस, पैडी हॉस्पिटैलिटी/रोलिंग फ्रेश, द येलो चिली, मिनिस्ट्री ऑफ दारू, टेस्ट ऑफ दिल्ली एवं जायका, ईट क्लब, एब्सोल्यूट बारबेक्यूज, कार्निवल फूड डिलाइट और येलो चिली रेस्टोरेंट समेत 13 प्रतिष्ठानों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इन प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों को गलत तापमान पर रखने, कच्चे और पके भोजन को साथ रखने, गंदे बर्तनों, अस्वच्छ रसोई, कीट नियंत्रण की कमी, समय सीमा समाप्त सामग्री और खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण जैसी कमियां दर्ज की गईं।
गोरखपुर में 84 प्रतिष्ठानों की जांच:
गोरखपुर में 43 टीमों ने 84 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां 79 सुधार नोटिस जारी किए गए। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए समय दिया जाएगा।
निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं होने पर लाइसेंस निलंबन, निरस्तीकरण और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण, वैध लाइसेंस, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल और निर्धारित तापमान पर खाद्य पदार्थों के रखरखाव के निर्देश दिए हैं।
विभाग के अनुसार, उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और मानकों के अनुपालन की जांच आगे भी जारी रहेगी।
#Tag: #FoodSafety #Lucknow #Noida #Gorakhpur
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।