गाजियाबाद से वाराणसी तक फास्ट फूड प्रतिष्ठानों की जांच, 12 कारोबार बंद
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से चलाया जा रहा ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत सोमवार को कानपुर नगर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में फास्ट फूड रिटेल चेन एवं रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों की विशेष जांच की गई। इस दौरान 180 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। गंभीर कमियां मिलने पर 110 से अधिक सुधार सूचनाएं जारी की गईं, जबकि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के गंभीर उल्लंघन पर 12 प्रतिष्ठानों तथा एक फूड कोर्ट का खाद्य कारोबार बंद कराया गया और लाइसेंस निलंबित किए गए।

पांच महानगरों में विशेष जांच अभियान:
विभागीय टीमों ने पांचों जनपदों में अलग-अलग स्तर पर व्यापक निरीक्षण किया। कानपुर नगर में 38 टीमों ने 52 इकाइयों, आगरा में 21 टीमों ने 38 इकाइयों, गाजियाबाद में 36 टीमों ने 80 इकाइयों, प्रयागराज में 15 टीमों ने 30 इकाइयों और वाराणसी में 20 टीमों ने 40 इकाइयों का निरीक्षण किया। सभी स्थानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रसोई की स्थिति, कीट नियंत्रण, जल निकासी, भंडारण और खाद्य पदार्थों के पृथक्करण समेत निर्धारित मानकों की जांच की गई।
कानपुर नगर में कई प्रतिष्ठानों पर मिली गंभीर कमियां:
कानपुर नगर में रेव मोती मॉल के फूड कोर्ट के निरीक्षण में अत्यधिक गंदगी, खराब स्वच्छता व्यवस्था, क्षतिग्रस्त दीवारें और खाद्य सामग्री फर्श पर रखे जाने की स्थिति मिली। इन कमियों के चलते फूड कोर्ट में संचालित सभी 10 प्रतिष्ठानों को सुधार होने तक बंद रखने की कार्रवाई की गई।
ला पीनोज पिज्जा, सैफायर मॉल (Sapphire Mall) में कीट संक्रमण, समाप्त हो चुकी सॉस और ड्रेसिंग, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों का इस्तेमाल तथा खराब गुणवत्ता का पनीर पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई।
वेलफेल सैम/केशव राज एंड संस, स्वरूप नगर में पैक किए गए खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और सामग्री का विवरण अंकित नहीं पाया गया। उपभोक्ताओं को आवश्यक खाद्य संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं कराने के कारण सुधार होने तक कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
निई हाऊ, स्क्वायर मॉल (Square Mall) में जल निकासी अवरुद्ध मिली। यहां स्वच्छता की स्थिति भी खराब थी और शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों के इस्तेमाल की स्थिति सामने आई। इन कमियों के चलते सुधार होने तक कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
बिरयानी क्वीन, स्क्वायर मॉल में आटे में कीड़े, निर्माण स्थल पर अत्यधिक गंदगी और खाद्य तेल के बार-बार इस्तेमाल के साथ उसमें गंदगी पाई गई। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
स्पाइसी फास्ट फूड रेस्टोरेंट, एम ब्लॉक किदवई नगर में स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब मिली। प्रतिष्ठान खुले नाले के पास संचालित हो रहा था और रसोई क्षेत्र में दुर्गंध भी पाई गई। स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
ग्लोबल बेकर्स एंड कैफे, हरबंस मोहाल में भी स्वच्छता की स्थिति खराब मिली। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों का एक साथ संग्रहण एवं निर्माण, खराब जल निकासी और अत्यधिक गंदे रसोई मंच पाए गए। प्रतिष्ठान को सुधार होने तक बंद करने की संस्तुति की गई।
आगरा में जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था पर कार्रवाई:
आगरा में द पार्क रेस्टोरेंट, सदर बाजार का निरीक्षण किया गया। यहां जल निकासी व्यवस्था अवरुद्ध मिली और रसोई क्षेत्र की स्वच्छता एवं सैनिटरी स्थिति बेहद खराब पाई गई। गंभीर कमियों को देखते हुए स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार होने तक खाद्य कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
वाराणसी में कैफे और पिज्जा प्रतिष्ठानों की जांच:
वाराणसी में कैफे कॉफी डे ग्लोबल लिमिटेड, सारनाथ बिल्डिंग, महमूरगंज का निरीक्षण किया गया। यहां बुनियादी ढांचे की स्थिति खराब मिली। क्षतिग्रस्त फॉल्स सीलिंग के कारण खाद्य पदार्थों के दूषित होने की संभावना, भंडारण क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी और शौचालय में अस्वच्छता पाई गई।

ला पीनोज, मियां महल, अर्दली बाजार के निरीक्षण में कूड़ेदान के आसपास कीट संक्रमण मिला। इसके अलावा शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को तैयार करने के लिए पर्याप्त पृथक्करण की व्यवस्था नहीं पाई गई।
प्रयागराज में कच्चे मांस की गुणवत्ता संदिग्ध:
प्रयागराज में आर्यन फैमिली डेलाइट, पीवीआर मॉल के निरीक्षण के दौरान कच्ची सामग्री और तैयार खाद्य पदार्थों के भंडारण की उचित व्यवस्था नहीं मिली। प्रतिष्ठान में स्वच्छता और सैनिटरी स्थिति भी खराब पाई गई। मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए तलने के बर्तनों और खाना पकाने वाले चूल्हों का अलग इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन कच्चे मांस की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। मामले में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

गाजियाबाद में 80 इकाइयों का निरीक्षण:
गाजियाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की 36 टीमों ने 80 फास्ट फूड रिटेल चेन इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण और भंडारण की स्थिति, रसोई की साफ-सफाई, कीट नियंत्रण, जल निकासी, खाद्य पदार्थों के पृथक भंडारण और खाद्य कारोबार से जुड़े आवश्यक मानकों की जांच की गई। कमियां मिलने पर नियमानुसार सुधार सूचनाएं जारी की गईं और गंभीर मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता पर विभाग की नजर:
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमें खाद्य कारोबारियों द्वारा निर्धारित सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के पालन की जांच कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ रसोई की स्वच्छता, कीट नियंत्रण, जल निकासी, खाद्य भंडारण, कच्ची सामग्री की गुणवत्ता, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों के पृथक्करण और खाद्य लेबलिंग जैसे पहलुओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

विभाग की ओर से बताया गया है कि सुधार योग्य कमियों पर सुधार सूचनाएं जारी की जा रही हैं, जबकि गंभीर अनियमितताओं के मामलों में खाद्य कारोबार बंद कराने और लाइसेंस निलंबित करने जैसी कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत सभी संबंधित प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया जा रहा है।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#Tag: #FoodSafety #FastFood #UPNews