हिंसाग्रस्त जहांगीरपुरी में SC के आदेश के बावजूद चल रहे बुलडोज़र आखिरकार थमे

नई दिल्ली : हिंसाग्रस्त जहांगीरपुरी में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद चल रहे बुलडोज़र आखिरकार थम गए. बता दें कि हिंसा के बाद सामान्य होते हालात के बीच आज उत्तरी दिल्ली नगर निगम (NDMC) की तरफ से जहांगीरपुरी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाने वाला था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी. इसके बावजूद जहांगीरपुरी में कुछ देर के लिए बुलडोज़र चले. हालांकि, बाद में दिल्ली नगर निगम ने तोड़फोड़ की कार्रवाई बन्द कर दी. मलबे को हटाने का काम जारी है. वहीं तोड़फोड़ की कार्रवाई पर एनडीएमसी के मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा था कि उन्हें अभी तक कोई ऑर्डर नहीं मिला था.

जहाँगीरपूरी घटना में क्या क्या हुआ?:

  • इलाके के मुसलमानों ने दावा किया है कि जुलूस में शामिल लोगों ने हथियार लेकर मस्जिद में तोड़फोड़ करने की कोशिश की. हिंसा को लेकर पुलिस की तरफ से कहा गया है कि हनुमान जयंती के दिन उस वक्त दो समुदायों के बीच झड़प हो गयी थी जब  “शोभायात्रा” मस्जिद के पास से गुजर रही थी. “शोभायात्रा” में  धार्मिक संगीत बज रहा था, उसी समय मस्जिद से अजान का भी समय था. पहले दोनों पक्षों में बहस हुई थी बाद में पथराव की शुरुआत हो गयी थी. दोनों ही पक्षों की तरफ से एक दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं.
  • वहीं दक्षिणपंथी समूहों की तरफ से कहा गया है कि झड़प के लिए दूसरे पक्ष की तरफ से पहले से योजना बनायी गयी थी. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता प्रेम शर्मा ने दिल्ली पुलिस द्वारा हुए पूछताछ के बाद आरोप लगाया था कि हिंसा की योजना दूसरे समुदाय की तरफ से बनाई गई थी और इसीलिए मस्जिद की छत पर इतनी ईंटें जमा की गईं थी.
  • गौरतलब है कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जयंती के जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच पथराव, आगजनी और गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं. हिंसा में आठ पुलिसकर्मियों के अलावा एक स्थानीय नागरिक घायल हो गया था.  
  • एनडीएमसी ने दो दिवसीय इस अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को दिल्ली पुलिस से कम से कम 400 सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था. 
  • उत्तरी दिल्ली नगर निगम की तरफ से जहांगीरपुरी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाने वाला था. यह अभियान 2 दिन तक चलने वाला था. इसे लेकर निगम की तरफ से दिल्ली पुलिस को पत्र लिखा गया था.
  • बता दें कि देश भर में कई राज्यों में चलाए जा रहे बुलडोजर की कार्रवाई को चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर शीघ्र सुनवाई के लिए सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने चीफ जस्टिस की कोर्ट में मेंशन किया. अब कोर्ट दोनों मामलों पर गुरुवार को सुनवाई करेगा.
  • दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा है कि दंगाइयों ने शांतिपूर्ण चल रहे यात्रा पर पथराव किया, दिल्ली पुलिस पर गोली भी चलाई. दंगाइयों पर दिल्ली पुलिस ने तुरंत कारवाई की है. निगम के मेयर और कमिश्नर को पत्र लिखा था कि वहां अवैध निर्माण और कब्जे पर कारवाई होनी चाहिए. वहां आम आदमी पार्टी के विधायक और पार्षद हैं जिनका संरक्षण दंगाइयों को है. आप के कार्यकर्ता ही दंगाई और वही पकड़े गए हैं. 
  • सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश की जानकारी एजेंसी को तुरंत देने के आदेश दिए. रजिस्ट्री को ये जानकारी निगम तक पहुंचाने के आदेश दिए हैं. CJI ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के सेक्रेट्री जनरल जल्द से जल्द जानकारी संबंधित एजेंसी को देंगे. 
  • बुलडोजर मामले में याचिकाकर्ताओं की ओर से सीनियर एडवोकेट दुष्यंत दवे ने स्थानीय निकाय के इस कदम को असंवैधानिक, अनैतिक और गैर कानूनी व मनमाना बताया है. साथ ही इस मामले की सुप्रीम कोर्ट में शिकायत की है. दुष्यंत दवे ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी बुलडोजर नहीं रोका गया. ये पूरी तरह गलत बात है. 
  • जहांगीरपुरी की मस्जिद के बाहर बने चबूतरे को एमसीडी ने तोड़ दिया है. माहौल तनावपूर्ण है. इलाके में पुलिस हर गतिविधी पर नजर रख रही है. हालांकि, अब दिल्ली नगर निगम ने इस कार्रवाई को रोक दिया है. 
  • ख़बरों के अनुसार इस कार्रवाई में कई जूस की दूकान, रेडी/ठेले, गुमटी और अन्य कई दुकाने भी तोड़ दी गई.

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading