अजय राय ने पीएम मोदी को ये क्या कह दिया? सपा सांसद के बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष के बिगड़े बोल
उत्तर प्रदेश कांग्रेस (Uttar Pradesh Congress) अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) का एक वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। वायरल वीडियो में अजय राय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), महोबा एसपी शशांक सिंह (Shashank Singh) और उनकी मां को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो उस समय रिकॉर्ड हुआ, जब अजय राय महोबा में कथित गैंगरेप और अपहरण पीड़ित NEET छात्रा से मुलाकात कर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अजय राय पुलिस की निगरानी और घेराबंदी के बीच पीड़ित छात्रा से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद जब वह अपनी कार में बैठकर वापस लौट रहे थे, तभी उन्होंने अपने एक कार्यकर्ता से बातचीत के दौरान विवादित टिप्पणी की, जो कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
पुलिस को चकमा देकर पहुंचे महोबा:
अजय राय ने पीड़ित छात्रा से मिलने के लिए पहले से कार्यक्रम बनाया था। प्रशासन की ओर से उन्हें रोकने के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे (Bundelkhand Expressway) से लेकर महोबा तक कई स्थानों पर पुलिस तैनात की गई थी। प्रशासन को भ्रमित करने के लिए सिजहरी गांव जाने का प्रोटोकॉल भी जारी किया गया।
हालांकि पुलिस को चकमा देते हुए अजय राय सीधे महोबा मुख्यालय के समदनगर मोहल्ले में पहुंचे, जहां पीड़ित छात्रा के एक रिश्तेदार के घर पर उन्होंने छात्रा और उसके परिवार से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही।
पीड़ित छात्रा के मामले पर सरकार पर निशाना:
मुलाकात के बाद अजय राय ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि रास्ते बदल-बदल कर उन्हें वहां पहुंचना पड़ा, नहीं तो शायद वे पीड़ित परिवार तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि छात्रा का दर्द बेहद बड़ा है और उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
अजय राय ने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों का साथ दे रही है और उन्हें संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देते हैं, लेकिन प्रदेश में बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने दावा किया कि छात्रा डॉक्टर बनना चाहती थी और 3 मई को उसकी परीक्षा थी, लेकिन इस घटना के कारण उसका सपना प्रभावित हुआ।
सरकार से की तीन बड़ी मांगें:
अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) से तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा को कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया, उसे इंजेक्शन दिए गए और प्रताड़ित किया गया। इसके बावजूद पुलिस निष्क्रिय बनी रही। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता पीड़ित छात्रा को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगा।
दमनकारी अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी:
अजय राय ने यह भी कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पुलिस द्वारा धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि 2027 में कांग्रेस की सरकार बनी तो ऐसे अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए अंतिम समय तक लड़ाई जारी रखेगी और किसी भी दबाव के आगे झुकेगी नहीं।
भाजपा नेताओं ने किया पलटवार:
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं ने अजय राय और कांग्रेस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा आईटी सेल (BJP IT Cell) के प्रमुख अमित मालवीय (Amit Malviya) ने X पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीमारी के दौरान अजय राय के स्वास्थ्य की चिंता जताई थी, लेकिन बदले में उन्हें अभद्र भाषा सुनने को मिली। उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति बताया।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला (Shehzad Poonawalla) ने कहा कि कांग्रेस अब “गालीवादी राजनीति” कर रही है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है।
उत्तर प्रदेश भाजपा (Uttar Pradesh BJP) ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है और देश की जनता इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने भी कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी अब विचारों की राजनीति छोड़कर विषवमन की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन प्रधानमंत्री ने वैचारिक मतभेद भुलाकर कुशलक्षेम पूछा, उन्हीं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस की मानसिकता को दिखाता है।
#AjayRai #Congress #PMModi #Mahaoba #UPPolitics
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।