वाराणसी। गंभीर आरोपों के बाद जेल अधीक्षक उमेश कुमार सिंह को डीजी कारागार पीवी रामाशास्त्री ने हटा दिया है और उन्हें विशेष ड्यूटी पर सोनभद्र जेल में तैनात किया गया है। वहीं सोनभद्र जेल के अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव को वाराणसी जेल में विशेष ड्यूटी के लिए भेजा गया है।

ख़बर के अनुसार वाराणसी जेल की डिप्टी जेलर मीना कनौजिया ने जेल अधीक्षक उमेश कुमार सिंह पर अभद्रता समेत कई आरोप लगाए थे। मीना ने इसकी शिकायत कारागार मुख्यालय में की थी, लेकिन उमेश पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मीना ने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की थी। इसके बाद मामले की जांच वाराणसी रेंज के डीआईजी जेल से कराई गई थी। डीआईजी की रिपोर्ट के आधार पर डीजी जेल ने उमेश को हटा दिया है।
महिला डिप्टी जेलर संग खड़ी है कांग्रेस: अजय राय
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि महिला सशक्तीकरण की झूठी बात करने वाली डबल इंजन की सरकार का कारनामा उजागर हो चुका है। डिप्टी जेलर मीना कनौजिया का उत्पीड़न करने वाले जेलर को सजा मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में डिप्टी जेलर ने शिकायत की थी कि जिला कारागार अधीक्षक उमेश सिंह उनका उत्पीड़न करते हैं। इसके बाद शिकायतकर्ता महिला डिप्टी जेलर का ही ट्रांसफर कर दिया गया। राय ने दावा किया कि जब उन्होंने सीएम को पत्र लिखा और आंदोलन की चेतावनी दी तब आरोपी का तबादला किया। प्रदेश में जहां भी महिलाओं पर अत्याचार होगा वहां न्याय की लड़ाई के लिए कांग्रेस खड़ी रहेगी।