वाराणसी। युवती से गैंगरेप के मामले में SIT जांच पूरी हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। 410 पेज की चार्जशीट में गिरफ्तार हुए 14 आरोपियों को वारदात में शामिल बताया गया है। अब कोर्ट केस में अगले सप्ताह से ट्रायल शुरू करेगा। जांच रिपोर्ट में एसआईटी ने पीड़िता के साथ वारदात होने की बात कही है। साथ ही जो 14 आरोपी जेल भेजे गए हैं, उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत होने का दावा किया है।
बता दें कि युवती ने 29 मार्च से 3 अप्रैल तक शहर के अलग-अलग इलाकों में 23 युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। मामले को लेकर पुलिस ने 11 से 15 अप्रैल तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो जेल में हैं। तब एसआईटी ने एक महीने में जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल करने का दावा किया था। लेकिन इसमें 3 महीने का समय लग गया।
वारदात के लगभग एक महीने बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुई पीड़िता ने SIT को अपने बयान दर्ज कराए थे। डीसीपी क्राइम के कार्यालय में एसआईटी के सामने पीड़िता ने बयान दर्ज कराए थे। युवती ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी थी। युवती के अलावा उसके पक्ष से एक अन्य का भी बयान लिया। गैंगरेप पीड़िता के दर्ज बयान का कोर्ट में दर्ज बयान का एसआईटी अब अपने बयान से मिलान करने के बाद कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की।केस में परिजनों के अलावा युवती की तीन सहेलियों के बयान भी दर्ज किया गए हैं। आरोपियों के अलावा 35 अन्य लोगों के बयान भी एसआईटी ने दर्ज किए हैं। टीम ने पीड़िता के साथ 4 स्थलों का मुआयना भी किया था।
एसआईटी में DCP वरुणा जोन प्रमोद कुमार, ADCP नीतू कादयान, ADCP क्राइम श्रुति श्रीवास्तव शामिल थे। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान, घटना से संबंधित सीसी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, इंस्टाग्राम चैट और एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर 14 आरोपियों के खिलाफ विवेचक ने चार्जशीट दाखिल कर दी है।

