आज का मौसम, 22 अप्रैल: भीषण गर्मी और लू के बीच होगी बारिश, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

नई दिल्ली (New Delhi) से लेकर उत्तर भारत के कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। हालात ऐसे हैं कि घरों के अंदर चलने वाले एसी और कूलर भी कुछ समय बाद बेअसर साबित हो रहे हैं। बढ़ती गर्मी को देखते हुए कई जगहों पर स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रचंड गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं, असम में लगातार 48 घंटे की बारिश के कारण अलग तरह की स्थिति बनी हुई है।

दिल्ली में लू का येलो अलर्ट जारी:
दिल्ली में अगले तीन दिन बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने 22 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के पार बना हुआ है। 25 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान में एक-दो डिग्री की मामूली गिरावट संभव है, लेकिन रात का तापमान 26 डिग्री के आसपास ही रहने का अनुमान है। इसी तरह पंजाब और हरियाणा में भी 24 अप्रैल तक लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।

यूपी और राजस्थान में बढ़ा तापमान:
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री के करीब बना हुआ है। दिन के समय लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 25 अप्रैल तक लू और तेज गर्मी का अलर्ट जारी रखा है।

वहीं राजस्थान में भी गर्मी का दौर तेज हो गया है। कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बीते 24 घंटों में मौसम शुष्क बना रहा और कोटा में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर जैसे शहरों में भी तापमान सामान्य से अधिक रहा। 23 अप्रैल से गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, भरतपुर और धौलपुर सहित कई जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में स्कूल समय में बदलाव:
बिहार में बढ़ती गर्मी और उमस को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नए आदेश के अनुसार, कक्षा 5 तक के छात्रों की पढ़ाई सुबह से अधिकतम 11:30 बजे तक ही संचालित की जाएगी। वहीं कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए कक्षाएं दोपहर 12:30 बजे तक सीमित कर दी गई हैं। यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से लागू होकर 25 अप्रैल 2026 तक प्रभावी रहेगा। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तुरंत अपनी समय-सारिणी में बदलाव करें और आदेश का पालन सुनिश्चित करें।

बिहार में लू का बढ़ता असर:
पटना स्थित भारतीय मौसम विभाग मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। 22 से 24 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी बिहार में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, वैशाली, समस्तीपुर, पटना, अरवल, जहानाबाद, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, नालंदा, नवादा और गया जिलों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। साथ ही अधिक नमी के कारण ‘फील्स लाइक’ तापमान और अधिक महसूस होगा, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।


#tags: #Heatwave, #WeatherUpdate, #IMD, #NorthIndia, #SummerAlert

Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading