Lucknow: लखनऊ-हरदोई नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के साहिलामऊ गांव के पास हरदोई से लखनऊ आ रही रोडवेज बस डीजल टैंकर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शीशा चकनाचूर हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब बस चालक नींद में झपकी ले बैठा और तेज रफ्तार बस टैंकर से जा टकराई। टैंकर चालक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वह डीजल डिलीवरी करने के बाद वापस लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रही रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बस के कई यात्री घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में डीजल टैंकर को भी नुकसान पहुंचा है।
घायल यात्रियों की सूची
चंद्रशेखर (32), पुत्र राजकिशोर, निवासी राजाजीपुरम, लखनऊ
महाम खान (23), पत्नी तालिब खान, निवासी हरदोई (बस कंडक्टर)
विजय कुमार पाल (35), पुत्र बालक राम, निवासी भगोली, हरदोई
धर्मेश (17), पुत्र नन्हे, निवासी कौढा, हरदोई
निहाल (11), पुत्र नन्हे, निवासी कौढा, हरदोई
मायाराम वर्मा (65), पुत्र डीआर वर्मा, निवासी आलमनगर, लखनऊ
फिलहाल पुलिस ने बस और टैंकर को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कर दिया है। सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मलिहाबाद में बस-टैंकर की टक्कर, आधा दर्जन यात्री घायल

