रिपोर्ट: सऊद अंसारी
Lucknow: लखनऊ के विवेकानंदपुरम इलाके में मंगलवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कार सवार बदमाशों ने घर में घुसकर दूध कारोबारी आसिफ और उसकी बहन पर गोलियां चला दीं। अचानक हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गोली लगने से दूध कारोबारी लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि उसकी बहन भी घायल बताई जा रही है। घटना ने स्थानीय लोगों को दहला दिया और देर रात मोहल्ले में अफरातफरी का माहौल रहा।
रुपयों के लेनदेन से जुड़ा विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले के पीछे पैसों के लेनदेन से जुड़ा विवाद सामने आया है। गोलियों की आवाज सुनकर घर के अन्य परिजन बाहर आए तो हमलावर उन्हें धमकाते हुए कार से फरार हो गए। इस दौरान उनकी एक कार मौके पर छूट गई, जिसे स्थानीय लोगों ने देख लिया और गुस्से में आकर उसमें तोड़फोड़ कर दी।
घटना के बाद आसिफ और उसकी बहन को निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है, हालांकि गोली लगने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
देर रात गूंजती रहीं गोलियां
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि हमलावर कई राउंड फायरिंग कर रहे थे। अचानक हुए इस हमले से हर कोई दहशत में आ गया। इलाके में देर रात तक गोलियों की आवाज गूंजती रही। लोग घरों से बाहर आने से डर रहे थे और आसपास भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एडीसीपी पूर्वी पंकज सिंह, एसीपी गाजीपुर विक्रम सिंह और इंस्पेक्टर गुडंबा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और लोगों से पूछताछ भी की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है। इसी विवाद को लेकर हमला किया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है।
दहशत में मोहल्ले के लोग
वारदात के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जिस तरह से हमलावर घर में घुसे और ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, उससे पूरे परिवार की जान पर बन आई थी। गनीमत रही कि समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया, वरना हादसा और गंभीर हो सकता था।
लखनऊ में मचा हड़कंप: दूध कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बहन भी घायल