Lucknow: लखनऊ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नायब तहसीलदार ने किसान को थप्पड़ जड़ दिया। दरअसल, नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने पहुंचे थे। इस दौरान नायब तहसीलदार की किसानों के साथ बहस हो गई। यह बहस इतना बढ़ गया कि नायब तहसीलदार ने किसान को थप्पड़ मार दिया।
एक किसान को जड़ा थप्पड़
जैसे ही नायब तहसीलदार ने किसान को थप्पड़ मारा, वह वहीं जमीन पर गिर पड़ा. उसके कान से खून निकलने लगा. यह घटना मोहनलालगंज के मस्तेमऊ गांव की है. आनन-फानन में घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज हुआ. उधर इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
क्या बोले नगर आयुक्त?
वायरल वीडियो में साफ तौर पर नायब तहसीलदार किसान को थप्पड़ मारता नजर आया। इस घटना पर नायब तहसीलदार का कहना है कि उन्हें किसान भद्दी-भद्दी गालियां दे रहा था। जिसके चलते उन्हें गुस्सा आ गया। वहीं, नगर आयुक्त गौरव कुमार का कहना है कि मस्तेमऊ गांव में कार्रवाई के लिए प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम गठित की गई थी। जिसकी कमान नायब तहसीलदार को मिली थी।
करोड़ों की जमीन से हटा अतिक्रमण
नगर आयुक्त के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान खसरा संख्या-868 की जमीन से अतिक्रमण हटा दिया गया है। यह जमीन खाद के गड्ढे के रूप में दर्ज है। इसका क्षेत्रफल 0.152 हेक्टेयर है। इसमें तीन हजार वर्ग फीट पर कब्जा था. अतिक्रमण हटवाने के दौरान एक किसान राममिलन और नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार के बीच बहस हो गई।
जिस जमीन को खाली कराया गया है, वह तलाब की बताई जा रही है। ग्रामीणों की मानें तो यह जमीन उनकी है। जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। इस जमीन पर पिछले तीन पीढ़ियों से किसान का कब्जा है।