यूपी में बड़ा हादसा, ताजमहल देखकर लौट रहे स्कूली बच्चों की बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 की मौत 35 घायल
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगरा और मथुरा में पिकनिक मनाकर कौशांबी लौट रही स्कूल बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। बस में 50 बच्चों समेत कुल 60 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई सीटें उखड़कर बाहर आ गईं। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। बच्चों को सीटों के बीच से निकालने के लिए पुलिस और राहगीरों ने बचाव अभियान चलाया। घायलों को एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
बच्चों को शौच कराने के लिए रोकी गई थी बस:
कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी। बस सोमवार देर रात करीब 12 बजे आगरा से कौशांबी के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह लगभग छह बजे ठठिया थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन-210 के पास बच्चों को शौच कराने के लिए बस किनारे खड़ी की गई थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
ट्रक में आलू लदा हुआ था। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का पिछला हिस्सा चकनाचूर हो गया और सीटें उखड़ गईं। कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह ट्रक चालक को झपकी आना बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
चार मृतक बच्चों की हुई पहचान:
हादसे में जान गंवाने वाले चार बच्चों की पहचान आर्यन चौरसिया (14), पुत्र प्रेमकुमार चौरसिया, रजिउल्ला (16), पुत्र शमी उल्ला, दोनों निवासी अफजलपुरवारी मोहब्बतपुर, कौशांबी, जैद मिर्जा (17), पुत्र रियाज अहमद, निवासी निदौरा, फतेहपुर और अरमान (17), पुत्र रियाज अहमद, निवासी गौरे खकरेड़ु, फतेहपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, आर्यन और अरमान आठवीं कक्षा के छात्र थे, जबकि रजिउल्ला और जैद दसवीं में पढ़ते थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतक बच्चों के परिवारों में मातम छा गया। आर्यन चौरसिया के अफजलपुरवाही गांव स्थित घर पर सूचना पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उसकी मां बेसुध हो गईं। पिता मिथलेश चौरसिया घर पर ही मेडिकल स्टोर चलाते हैं। परिवार में दादी, बाबा और बड़ा भाई मानस है। मानस भी ओरिएंटल स्कूल में दसवीं का छात्र है और हादसे में घायल हुआ है।
स्कूल प्रबंधक समेत दो की हालत गंभीर:
हादसे में घायल 25 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई गई है। स्कूल प्रबंधक सलमान और एक अन्य घायल बच्चे को बेहतर उपचार के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को कानपुर भेजा गया है। वहीं, जिन बच्चों की हालत ठीक है या जिन्हें मामूली चोटें आई हैं, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी गाड़ी और रोडवेज बस से कौशांबी भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
घायल छात्रों ने बताई हादसे की पूरी कहानी:
हादसे में घायल छात्र प्रिंस प्रजापति ने बताया कि सभी बच्चे कौशांबी के रहने वाले हैं और आगरा में ताजमहल देखने के बाद वापस लौट रहे थे। उनके दोस्त नौशाद की तबीयत खराब थी। उसे शौच कराने के लिए बस रोकी गई थी, तभी पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। प्रिंस ने चालक पर नशे में होने का आरोप भी लगाया है।
वहीं, बस में सवार छात्र शक्ति यादव ने बताया कि सभी बच्चे आगरा से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। एक साथी को शौच जाना था, इसलिए बस को सड़क किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस काफी दूर तक घिसटती चली गई। छात्र के मुताबिक, प्रधानाचार्य भी बस के गेट के पास फंसकर घिसट गए।
डीएम और एसपी पहुंचे मेडिकल कॉलेज:
हादसे की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार और उनकी स्थिति की जानकारी ली। तिर्वा के तहसीलदार अभिषेक मिश्रा ने बताया कि स्कूल बस कौशांबी से बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण पर आगरा ले गई थी। वापस लौटते समय मंगलवार सुबह ठठिया थाना क्षेत्र में यह दुर्घटना हुई।
ओरिएंटल पब्लिक स्कूल प्रबंधन के अनुसार, बस में 50 बच्चे, आठ शिक्षक और दो चालक-कंडक्टर समेत कुल 60 लोग सवार थे। बस रात करीब 12 बजे आगरा से कौशांबी के लिए निकली थी। हादसे के बाद ठठिया थाना पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#Tags: #KannaujAccident #SchoolBusAccident #LucknowAgraExpressway #UPNews #RoadAccident