रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) चार वर्षों बाद दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे, जहां उनका पूरे सम्मान और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस यात्रा के दौरान पुतिन कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल हुए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास पर रात्रिभोज, राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत, राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि, भारत-रूस वार्षिक शिखर वार्ता, भारत-रूस बिजनेस फोरम (Business Forum) सहित कई प्रमुख आयोजन शामिल रहे। इस दौरे ने दोनों देशों के बीच दशकों पुराने संबंधों को एक नया आयाम दिया।
पीएम मोदी की अगवानी और विशेष स्वागत: दौरे की शुरुआत दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर हुई, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने प्रोटोकॉल से हटकर व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया। एयरपोर्ट पर पुतिन के स्वागत में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसे दोनों नेताओं ने कुछ देर तक देखा। इस दौरान क्रेमलिन ने भी यह स्वीकार किया कि पीएम मोदी का इस तरह एयरपोर्ट पहुंचना उनके लिए अप्रत्याशित था और इसकी उन्हें पूर्व जानकारी नहीं थी।
टोयोटा फॉर्च्यूनर (Toyota Fortuner) में संयुक्त यात्रा: पालम हवाई अड्डे से पुतिन और पीएम मोदी एक ही वाहन से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। खास बात यह रही कि पुतिन ने अपनी बख्तरबंद गाड़ी के बजाय टोयोटा फॉर्च्यूनर सिग्मा 4 MT (BS-VI Diesel) में यात्रा करना चुना। 24 अप्रैल 2024 में पंजीकृत यह वाहन MH01EN5795 नंबर से महाराष्ट्र में रजिस्टर्ड है। इसकी फिटनेस वैधता 2039 तक और PUCC वैधता जून 2026 तक दर्ज है।
दोस्ती की मिसाल और पुराना संबंध: तीन महीने में यह दूसरा अवसर है जब दोनों नेताओं ने एक ही कार में यात्रा की। पीएम मोदी और व्लादिमीर पुतिन की दोस्ती लगभग ढाई दशक पुरानी है। 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी पहली बार अटल बिहारी वाजपेयी के साथ रूस गए थे। उसी समय से दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध बने, जो आज भी कायम हैं और इस दौरे में वह मित्रता स्पष्ट दिखाई दी।
प्रधानमंत्री आवास में रात्रिभोज और गीता की भेंट: पालम हवाई अड्डे से सीधे दोनों नेता प्रधानमंत्री आवास पहुंचे, जहां पुतिन का दोबारा स्वागत किया गया। इसके बाद पुतिन और मोदी ने रात्रिभोज में भाग लिया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने व्लादिमीर पुतिन को रूसी भाषा में अनुवादित श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की। उन्होंने कहा कि गीता का संदेश समय, युग और परिस्थितियों से परे होकर मानवता को सही दिशा देता है।
राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत और राजघाट पर श्रद्धांजलि: दूसरे दिन राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा व्लादिमीर पुतिन का औपचारिक स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना, सीडीएस जनरल अनिल चौहान सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद पुतिन राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
23वीं भारत-रूस वार्षिक शिखर वार्ता: दौरे के दूसरे दिन पुतिन और पीएम मोदी ने 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता में भाग लिया। वार्ता के बाद हैदराबाद हाउस में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। पीएम मोदी ने कहा कि पुतिन की यह यात्रा ऐसे समय हुई है, जब द्विपक्षीय संबंध महत्वपूर्ण पड़ाव से गुजर रहे हैं। मोदी ने रूस-यूक्रेन संघर्ष पर कहा कि भारत निष्पक्ष नहीं है, बल्कि शांति के पक्ष में है और यह संघर्ष समाप्त होना चाहिए।
पुतिन का बयान—रणनीतिक साझेदारी में नया विश्वास: पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी के साथ हुई डिनर चर्चा बेहद उपयोगी रही। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच नियमित संवाद से संबंध और मजबूत हुए हैं। पुतिन ने भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं को सुनिश्चित करने के लिए ईंधन की निर्बाध आपूर्ति जारी रखने की बात कही।
भारत-रूस बिजनेस फोरम में मजबूत आर्थिक साझेदारी पर जोर: भारत मंडपम में आयोजित बिजनेस फोरम में पीएम मोदी और पुतिन ने भाग लिया। मोदी ने बताया कि फ्री ट्रेड पर सकारात्मक चर्चा हुई है। साथ ही पर्यटन वीजा और सिविल न्यूक्लियर क्षेत्र में नए अवसरों पर भी विचार हुआ। पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीकी रूप से संप्रभु बन रहा है और आर्थिक रूप से तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मेक इन इंडिया (Make in India) की भी सराहना की।
राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज और दौरे का समापन: दूसरे दिन राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से पुतिन के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया गया। कार्यक्रम के बाद पुतिन एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। उन्होंने प्रस्थान से पहले भारत-रूस संबंधों को “साथ चलें, साथ बढ़ें” की साझेदारी बताया और भविष्य में और मजबूत सहयोग की उम्मीद व्यक्त की। एयरपोर्ट पर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।
India-Russia, Putin-Modi, Bilateral-Talks, Business-Forum, Delhi-Visit
Disclaimer: यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com.
Putin India Visit Summary: कश्मीर के केसर से सुगंधित होगी भारत-रूस की मित्रता…

