Gorakhpur: गोरखपुर के ग्रामीण इलाकों में पशु तस्करों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात पिपराइच थाना क्षेत्र में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। पशु तस्करों ने नीट की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र दीपक गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके शव को करीब चार किलोमीटर दूर फेंक दिया। इस वारदात के बाद गांव में भारी तनाव फैल गया और पुलिस-ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प तक की नौबत आ गई।
लूट की नीयत से पहुंचे थे तस्कर
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 11 बजे 10 से 15 की संख्या में पशु तस्कर दीपक गुप्ता के गोदाम को लूटने पहुंचे थे। इस दौरान दीपक के बुआ के बेटे ने फोन पर गोदाम में हो रही गतिविधि की सूचना दी। सूचना मिलते ही दीपक स्कूटी से मौके की ओर रवाना हुआ और उसके साथ गांव के 10 से 15 ग्रामीण भी पहुंच गए।
युवक को जबरन डीसीएम में खींचकर हत्या
ग्रामीणों और पशु तस्करों के बीच आमना-सामना होते ही हालात बिगड़ गए। इस बीच तस्करों ने दीपक को जबरन डीसीएम में खींच लिया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। बाद में युवक का शव खून से लथपथ हालत में लगभग चार घंटे बाद मिला। उसके सिर को भी बुरी तरह कुचला गया था।
भीड़ के हत्थे चढ़ा एक तस्कर
घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने एक पशु तस्कर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंचे एसपी नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव और थाना प्रभारी को भीड़ से भिड़ना पड़ा। इस हाथापाई में एसपी नार्थ और दरोगा घायल हो गए। घायल तस्कर को किसी तरह पुलिस ने अस्पताल भिजवाया।
हत्या के बाद सड़क पर उग्र प्रदर्शन
मंगलवार सुबह हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने पिपराइच-गोरखपुर मार्ग को जाम कर दिया। हालात को काबू में करने के लिए चार थानों की फोर्स और पीएसी मौके पर पहुंची। अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन भीड़ और उग्र हो गई।
पुलिस पर पथराव, तनाव बरकरार
स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी अपनी जान बचाकर वहां से भागे। मौके पर अब भी पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने हैं और पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
गोरखपुर में पशु तस्करों का कहर: छात्र की हत्या, पुलिस पर पथराव

