Lucknow: राजधानी में गुरुवार को आलमबाग थाना क्षेत्र की बीजी कॉलोनी से दो मासूम बच्चों का अपहरण कर लिया गया। अपहृत बच्चों की पहचान 12 वर्षीय अर्जुन सिंह और प्रद्युम्न यादव के रूप में हुई है। दोनों घर से साइकिल चलाने निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी। अर्जुन के पिता संजय सिंह की तहरीर पर आलमबाग थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों के लापता होने के बाद रातभर उनकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे परिजनों के पास एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि दोनों बच्चे अपहर्ताओं के पास हैं और उन्हें छुड़ाने के लिए 10 लाख रुपए देने होंगे। साथ ही धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर बच्चों को जान से मार दिया जाएगा। इससे परिवार दहशत में है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अपहरणकर्ताओं की लोकेशन ट्रेस कर ली गई है और आरोपियों की तलाश के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं।
आलमबाग SHO सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों बच्चे अपनी साइकिल पर शाम करीब 3 बजे दिखे। उसी दौरान एक युवक उनके पास आया, उसने बातचीत के बाद बच्चों की एक साइकिल वहीं छोड़ दी और दूसरी पर दोनों को बैठाकर ले गया। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी बच्चों को पहले चारबाग तक लेकर गया था। इसके बाद वह उन्हें लखीमपुर खीरी कैसे ले गया, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। पुलिस का कहना है कि बच्चों को सुरक्षित निकालने और अपहरणकर्ताओं को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
दो बच्चों का दिनदहाड़े अपहरण, 10 लाख की फिरौती मांगी