एक बार फिर Mukhtar Ansari के करीबी रेयाज अंसारी पर बड़ा एक्शन…
गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में शनिवार को पुलिस ने मुख्तार अंसारी करीबियों में शुमार रेयाज अंसारी पर बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने बहादुरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष रेयाज अंसारी के अचल संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की. इस दौरान क्षेत्र में पुलिस बल मौजूद रहा. दरअसल रेयाज अंसारी के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं.
5 स्थानों पर कार्रवाई
पुलिस ने रेयाज अंसारी के कुल 5 ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए उसकी अचल संपत्ति को कुर्क किया. जिला प्रशासन की मौजूदगी में पुलिस ने मुख्तार अंसारी की मौत के बाद पहली बार उसके गैंग आईएस 191 के सदस्य औ उसके करीबियों में शुमार बहादुरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष रेयाज अंसारी के खिलाफ मुनादी कराकर कुर्क की कार्रवाई की.
रेयाज अंसारी पर कई मामले दर्ज
रेयाज अंसारी की 6.70 करोड़ की संपत्ति को जिला प्रशासन ने शनिवार को मुनादी कराकर कुर्क किया. कुर्क की गई ये संपत्तियां रेयाज अंसारी, उसकी पत्नी निकहत और उसके साले एहतेशाम के नाम पर हैं. वहीं, इसको लेकर एसपी ओमवीर सिंह ने बताया रेयाज अंसारी और उसकी पत्नी पर फर्जी नियुक्ति, कई लोगों की जमीनों पर जबरन कब्जा करने समेत कई गम्भीर मामलों में केस दर्ज हैं. उन्होंने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत 4 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.