लखनऊ के आम महोत्सव में आम की लूट, टूट पड़ी भीड़…

लखनऊ में आम महोत्सव के आखिरी दिन आमों को लेकर लूट मच गई। रविवार को महोत्सव के समापन की जैसे ही घोषणा हुई, लोग स्टालों पर टूट पड़े। चंद मिनट में सभी स्टाल खाली हो गए। दुपट्‌टे, पल्लू और थैलों में भरकर लोग आम घर ले गए।

हुआ यूं कि समारोह के आखिरी दिन बड़ी संख्या में भीड़ जुटी थी। समापन के वक्त अनाउंसमेंट हुआ कि अब पुरस्कार वितरण होगा, जिसे लोगों ने ‘आम वितरण’ समझ लिया और फिर लूट मच गई। इस दौरान आयोजक मूकदर्शक बने रहे। आयोजकों ने कहा- हमें इस बात का अंदाजा नहीं था कि आखिरी दिन इस कदर भीड़ उमड़ेगी। आगे से इस तरह की परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले ही योजना बनाकर रखी जाएगी।

वहीं, अवध शिल्पग्राम में 4 से 6 जुलाई तक चले आम महोत्सव में संस्कृति और सितारों की चमक खूब दिखी।कवि कुमार विश्वास से लेकर भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह तक पहुंचे। 4 जुलाई को सीएम योगी ने आम महोत्सव का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने किसानों को सम्मानित भी किया था।

आम लूट के 3 वीडियो सामने आए हैं। जानिए क्या दिख रहा…

  • पहला- महिलाएं जैसे ही स्टॉल के पास पहुंचती हैं, बिना हिचक आमों को भरना शुरू कर देती हैं। महिलाओं ने पल्लू और दुपट्टे में आम भरे।
  • दूसरा- कई युवक स्टॉल की मेज पर चढ़ गए। वहां से जल्दी-जल्दी दोनों हाथों से आम बटोरते दिखे। किसी को कोई रोकने वाला नहीं था। कोई व्यवस्था संभालने वाला नजर नहीं आया।
  • तीसरा- लोग स्टॉल से नीचे गिरते आमों को उठाकर अपने थैलों में डालते नजर आए। कई बुजुर्ग झुक-झुककर जमीन से आम बटोर रहे थे। कुछ ने गमछा, रुमाल, दुपट्टा तक को थैला बना लिया था।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने किसानों से आमों की खासियत जानी। इस दौरान सीएम ने एक आम उठाया, जिस पर ‘योगी आम’ लिखा था। यह देखकर वे मुस्कुराए और आम को हाथ में लेकर फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने सेना को समर्पित ‘सिंदूर आम’ भी देखा।

इसके बाद सीएम योगी ने प्रगतिशील आम उत्पादकों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कृषि विपणन राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह की चुटकी भी ली। कहा- दिनेश सिंह ने सबसे पहले रायबरेली के किसान को सम्मानित कराया, पता नहीं रायबरेली में बाग है भी या नहीं।

सीएम योगी ने लखनऊ से दुबई और लंदन के लिए आम के कंटेनर भी रवाना किए। शाम होते-होते भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने स्टेज पर धमाल मचाया। जैसे ही पवन सिंह मंच पर पहुंचे, भीड़ में जोरदार उत्साह देखने को मिला। लोग उनके गानों पर झूमने लगे। पवन सिंह ने अपने सुपरहिट गानों की प्रस्तुति दी, जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया।

By Abhinendra

Journalist

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading