संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 (CSE 2024) के नतीजे घोषित कर दिए हैं। यूपीएससी में पहला रैंक लाने वाली शक्ति दुबे ने बीएचयू से सत्र 2016-18 सत्र में बायो केमेस्ट्री में पीजी किया है। यहां पर 2018 में गोल्ड मेडलिस्ट रहीं हैं। वहीँ संत कबीरनगर के रहने वाले इकबाल अहमद का भी सिलेक्शन हुआ है। 998वीं रैंक पाई है। पिता पंचर की दुकान चलाते थे। अब उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती तो दुकान बंद है।
सिविल सेवा परीक्षा 2024 (CSE 2024) के नतीजों में कुल 1009 कैंडिडेट्स का नाम मेरिट लिस्ट में शामिल है। कैंडिडेट अपना रिजल्ट UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।
मिर्जापुर के 2 SDM भी टॉप-20 में
मिर्जापुर की एसडीएम सौम्या मिश्रा को 18वीं रैंक मिली है। उनका यह दूसरा अटेम्ट था। सौम्या उन्नाव जिले के पुरवा तहसील के अजयपुर गांव की रहने वाली हैं। पिता राघवेंद्र मिश्रा दिल्ली के एक कॉलेज में प्रोफेसर हैं। मां रेणु मिश्रा हाउस वाइफ हैं। पूरा परिवार दिल्ली के भजनपुरा इलाके में रहता है। सौम्या के एक भाई और एक बहन हैं।

मिर्जापुर में एसडीएम हेमंत मिश्रा की 13वीं रैंक आई है। पिता बिहार के आरा में शिक्षा अधिकारी हैं। वह वहां के सर्वशिक्षा अभियान कार्यालय में एपीओ के पद पर तैनात हैं। हेमंत की मां नम्रता मिश्रा जिले के एक निजी स्कूल की शिक्षक हैं। वर्तमान में ये शहर के धोबीघाट में रहते हैं।


