यूपी TET का रिजल्ट जारी, 62 हजार टीचर फेल:इनकी नौकरी बचाने के लिए सरकार विशेष परीक्षा कराएगी

यूपी टीईटी परीक्षा-2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने बुधवार रात नौ बजे परीक्षा के आंकड़े जारी किए। प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांच और उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठ की परीक्षा में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। प्राथमिक स्तर का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.07 और उच्च प्राथमिक स्तर का 71.85 प्रतिशत रहा।

परीक्षा में अपनी नौकरी बचाने के लिए कुल 2,68,799 कार्यरत शिक्षक शामिल हुए थे। इनमें 2,06,771 शिक्षक सफल हुए, जबकि 62,028 शिक्षक परीक्षा में सफल नहीं हो सके। अब राज्य सरकार इन शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी परीक्षा कराने की तैयारी कर रही है।

दोनों स्तरों के परिणाम में बड़ा अंतर:

प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया। इस स्तर पर कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 80.07 रहा, जो दोनों स्तरों में अधिक है।

वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें 7,59,513 अभ्यर्थी सफल रहे। इस स्तर का कुल सफलता प्रतिशत 71.85 दर्ज किया गया।

कार्यरत शिक्षकों के परिणाम भी जारी:

नौकरी कर रहे शिक्षकों के प्रदर्शन की बात करें तो प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,22,405 शिक्षकों में से 93,387 शिक्षक सफल हुए। इनका सफलता प्रतिशत 76.29 रहा।

उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 1,46,394 कार्यरत शिक्षक शामिल हुए थे। इनमें 1,13,384 शिक्षक सफल घोषित किए गए। इस स्तर पर कार्यरत शिक्षकों का सफलता प्रतिशत 77.45 दर्ज किया गया।

60 जिलों में 955 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा:

यूपी टीईटी परीक्षा इसी वर्ष 2, 3 और 4 जुलाई को प्रदेश के 60 जिलों में आयोजित की गई थी। इसके लिए कुल 955 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा पांच पालियों में कराई गई थी। इनमें दो पालियां प्राथमिक स्तर और तीन पालियां उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए निर्धारित थीं।

इस वर्ष यूपी टीईटी के लिए कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा के बाद अब आयोग ने परिणाम से संबंधित आंकड़े जारी कर दिए हैं।

नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया से तैयार किया गया परिणाम:

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के उपसचिव मनोज कुमार ने बताया कि परीक्षा कई पालियों में आयोजित की गई थी और इसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए थे। अलग-अलग पालियों में प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में अंतर को बराबर करने के लिए नॉर्मलाइजेशन यानी समानीकरण प्रक्रिया अपनाई गई।

इसी प्रक्रिया के आधार पर विभिन्न पालियों में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के अंकों को समान स्तर पर लाकर अंतिम परिणाम तैयार किया गया है।

आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे परिणाम:

अभ्यर्थी अपना परिणाम, अंकपत्र और कटऑफ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) पर देख सकते हैं। आयोग की ओर से तकनीकी सहायता और अन्य जानकारी के लिए हेल्पलाइन तथा ई-मेल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

फेल शिक्षकों को मिलेगा एक और मौका:

यूपी टीईटी में सफल नहीं होने वाले कार्यरत शिक्षकों के लिए राज्य सरकार विशेष टीईटी परीक्षा कराने की तैयारी कर रही है। इसके जरिए इन शिक्षकों को टीईटी पास करने का एक और अवसर मिल सकता है। इस विशेष परीक्षा का विज्ञप्ति सितंबर में जारी होने की उम्मीद बताई गई है।

इसके अलावा केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) की तारीख भी आगे बढ़ाई गई है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) अब यह परीक्षा 6 सितंबर को आयोजित करेगा। यूपी टीईटी में सफल नहीं होने वाले शिक्षक भी इसमें शामिल हो सकेंगे। यदि वे सीटीईटी परीक्षा में सफल हो जाते हैं तो उनकी नौकरी पर कोई खतरा नहीं होगा। सीटीईटी के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 1 सितंबर निर्धारित है।

Disclaimer:

यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com

#UPTET #TETResult #UPESSC #TeacherExam #CTET #EducationNews #UttarPradesh

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading