यूपी में 15 IAS और 23 PCS के ट्रांसफर:धुव्र खाडिया को मऊ, नरेंद्र बहादुर को जौनपुर भेजा; रामजी मिश्रा लखनऊ ADM बने
उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 15 आईएएस और 23 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और अपर नगर आयुक्त स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया को मऊ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है, जबकि मऊ के मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) की जिम्मेदारी दी गई है।
जौनपुर और मऊ के सीडीओ बदले:
तबादला सूची के अनुसार ध्रुव खाडिया को जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर मऊ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं मऊ के मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) के पद पर भेजा गया है।
नरेंद्र बहादुर सिंह को जौनपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। इससे पहले वह लखीमपुर खीरी में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के पद पर तैनात थे। प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें अब जौनपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईएएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी:
अमित कुमार सिंह को निदेशक, पंचायती राज के पद से स्थानांतरित कर प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रकाश बिंदु को प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ से हटाकर सचिव, चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है।
डॉ. उज्ज्वल कुमार को उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पद से स्थानांतरित कर विशेष सचिव-निदेशक, भूतत्व और खनिकर्म की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जे. रीभा को विशेष सचिव, भूतत्व और खनिकर्म से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
रामजी मिश्रा को लखनऊ एडीएम बनाया:
पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और अपर नगर आयुक्त स्तर के अधिकारी शामिल हैं। कुछ अधिकारियों को नई तैनाती मिलने तक प्रतीक्षारत रखा गया है।
रामजी मिश्रा को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के उपनिदेशक पद से स्थानांतरित कर लखनऊ का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। वहीं शिवानी सिंह को राजस्व परिषद, लखनऊ से संबद्ध पद से हटाकर जालौन का अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति) बनाया गया है।
देवरिया और संतकबीरनगर में भी बदलाव:
चंद्र कुमार को संतकबीरनगर के अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) पद से स्थानांतरित कर देवरिया का मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया है। वहीं जितेंद्र विक्रम को ललितपुर के उपजिलाधिकारी पद से स्थानांतरित कर संतकबीरनगर का अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है।
लवी त्रिपाठी को मेरठ के अपर नगर आयुक्त पद से स्थानांतरित कर सहारनपुर का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है। इसके अलावा राजेश कुमार को सिद्धार्थनगर के उपजिलाधिकारी पद से स्थानांतरित कर मेरठ का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।
पुष्पेंद्र पटेल को रामपुर एडीएम की जिम्मेदारी:
तबादला सूची में पुष्पेंद्र पटेल को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अमेठी के उपजिलाधिकारी पद से स्थानांतरित कर रामपुर का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है।
वहीं प्रतीक्षारत चल रहे अर्पित गुप्ता को कुलसचिव, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तरह शनिवार को हुए प्रशासनिक फेरबदल में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए अलग-अलग पदों पर नई तैनाती दी गई है।
#Tags: #UPTransfer #IASTransfer #PCSTransfer #UPNews #AdministrativeReshuffle
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।