लखनऊ में बुधवार को ड्रीम वर्ल्ड रिसॉर्ट में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के शीर्ष पदाधिकारियों की समन्वय बैठक हुई। बैठक में आगामी यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की स्थिति और जमीनी स्तर से मिले फीडबैक पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और योगी ही चुनाव में भाजपा का चेहरा होंगे। संघ की ओर से भाजपा पदाधिकारियों से मनमुटाव और आपसी समस्याओं को पीछे छोड़कर चुनावी तैयारियों में जुटने को कहा गया।
समन्वय बैठक में जमीनी स्थिति पर चर्चा:
बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष (BL Santosh) और भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े (Vinod Tawde) ने संघ पदाधिकारियों से उनके क्षेत्रों और विधानसभा क्षेत्रों की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान संगठन की ताकत और कमजोरियों के साथ-साथ जनता के बीच मौजूद माहौल को लेकर फीडबैक लिया गया। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary), महामंत्री धर्मपाल सिंह (Dharampal Singh), संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार (Anil Kumar) सहित सभी प्रांत प्रचारक बैठक में मौजूद रहे।
सूत्रों के मुताबिक, संघ की ओर से बैठक में बताया गया कि जनता के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को लेकर सकारात्मक फीडबैक है और उनके खिलाफ किसी तरह के प्रभावी नैरेटिव की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों को लेकर नाराजगी का फीडबैक सामने आया। बताया गया कि कुछ जगहों पर जनता विधायकों की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं है और विधायक तथा कार्यकर्ताओं के बीच भी रिश्ते बेहतर नहीं हैं।
पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी फीडबैक:
बैठक में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर भी जमीनी स्तर से मिले फीडबैक पर चर्चा हुई। संघ की ओर से कहा गया कि कुछ स्थानों पर जनता से जुड़े कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो रहे हैं। इन समस्याओं को लेकर सरकार और संगठन के स्तर पर समाधान तलाशने पर जोर दिया गया।
संघ ने भाजपा और सरकार को जमीनी स्तर पर मिले फीडबैक के आधार पर कुछ सुझाव भी दिए। साथ ही संगठन के पदाधिकारियों से कहा गया कि आपसी मतभेद और समस्याओं को भूलकर अब चुनावी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया जाए।
दलित और पिछड़े वर्गों पर बढ़ेगा फोकस:
विधानसभा चुनाव से पहले दलित और पिछड़े वर्गों को संगठन से जोड़ने पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। बैठक में इस बात की आशंका जताई गई कि इन वर्गों का झुकाव समाजवादी पार्टी की ओर हो सकता है। ऐसे में इन दोनों सामाजिक वर्गों के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने और उन्हें साथ जोड़ने की रणनीति पर काम करने की बात कही गई।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि जमीनी स्तर पर बढ़ती सत्ता-विरोधी भावना और नकारात्मक नैरेटिव से जुड़े मुद्दों का सामना करना संगठन के सामने बड़ी चुनौती है। इसके लिए क्षेत्रवार स्थिति को समझकर रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।
सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश:
समन्वय बैठक में सोशल मीडिया को लेकर भी चर्चा हुई। संघ की ओर से कहा गया कि सोशल मीडिया पर सक्रिय होने का मतलब केवल तस्वीरें साझा करना, जन्मदिन की शुभकामनाएं देना या दूसरे नेताओं की पोस्ट दोबारा साझा करना नहीं होना चाहिए। पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों और संगठन के काम को सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने पर ध्यान देने को कहा गया।
सरकार की उपलब्धियों और संगठन के कार्यों को रील और पोस्ट के जरिए लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन हुआ। साथ ही विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का जवाब सोशल मीडिया के माध्यम से देने की बात कही गई। खासतौर पर जेन-जी और जेन-अल्फा के बीच सोशल मीडिया के जरिए संगठन की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मोदी, शाह और नितिन नवीन के दौरे प्रस्तावित:
आगामी दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) के उत्तर प्रदेश दौरे प्रस्तावित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव की घोषणा से पहले अवध, काशी, ब्रज, पश्चिम, गोरखपुर और कानपुर क्षेत्र में एक-एक रैली करेंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास भी किए जाने की बात कही गई है।
गृहमंत्री अमित शाह भी इन छह क्षेत्रों में उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों के साथ संगठनात्मक बैठकें और रैलियां करेंगे। वहीं भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों के सम्मेलन करेंगे।
बीएल संतोष और विनोद तावड़े भी सभी छह क्षेत्रों का दौरा कर संगठनात्मक बैठकें करेंगे। इन बैठकों में विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार, जातीय समीकरण, मौजूदा विधायकों की स्थिति और विपक्ष की स्थिति से संबंधित फीडबैक लिया जाएगा।
प्रदेश कार्यसमिति के गठन पर मंथन:
बैठक में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के गठन को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यसमिति के सदस्यों की नियुक्ति जल्द किए जाने की बात कही गई। इसके बाद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन या गृहमंत्री अमित शाह के संबोधन की संभावना जताई गई है।
पार्टी के जिला प्रभारियों की नियुक्ति भी जल्द करने पर जोर दिया गया, ताकि प्रभारी अपने-अपने जिलों में जाकर संगठन का काम संभाल सकें। बीएल संतोष ने युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और किसान मोर्चा की प्रदेश टीमों का गठन जल्द करने पर भी जोर दिया।
अवध और कानपुर की 134 सीटों पर नजर:
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का विशेष ध्यान अवध और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रों पर है। 2024 के आम चुनाव में अवध क्षेत्र की 82 विधानसभा सीटों और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की 52 विधानसभा सीटों में भाजपा को नुकसान हुआ था। इसी वजह से इन दोनों क्षेत्रों पर केंद्रीय संगठन का विशेष फोकस बताया गया है।
उत्तर प्रदेश में लगातार समीक्षा कर रहा केंद्रीय संगठन:
भाजपा का केंद्रीय संगठन पिछले कुछ महीनों से उत्तर प्रदेश में संगठन और सरकार से जुड़े विषयों की लगातार समीक्षा कर रहा है। 4 जुलाई को नितिन नवीन और बीएल संतोष ने लखनऊ में मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ बैठकें की थीं। इस दौरान एनडीए के सहयोगी दलों अपना दल (एस), राष्ट्रीय लोक दल, निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के साथ समन्वय बैठक भी हुई थी।
5 सितंबर को उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचकर क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ संगठन की समीक्षा की थी। इसके बाद 11 सितंबर को भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कोर ग्रुप के साथ बैठक की थी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे थे। दो घंटे से अधिक चली बैठक में मिशन-2027 के रोडमैप को लेकर मंथन किया गया था।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#Tag: #UPAssemblyElection #YogiAdityanath #BJP #UttarPradesh






