गाजीपुर | मुख्तार अंसारी के मृत्यु के बाद मुख्तार के करीबियों पर पुलिस एक्शन जारी है, खबर के अनुसार कासिमाबाद थाना प्रभारी महेंद्र सिंह की शिकायत के आधार पर जिले के बहादुरगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष रियाज अहमद और रियाज के 3 साथियों के खिलाफ गैंगस्टर ऐक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि रियाज अहमद एक संगठित अपराधी गिरोह का सरगना है, जिसमें रियाज की पत्नी निकहत परवीन, परवेज जमाल और नजीर अहमद शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस सूत्र कहते हैं कि, रियाज अहमद खुद को कुख्यात आईएस-191 गैंग के पूर्व सरगना मुख्तार अंसारी का करीबी बताकर लोगों से जबरन वसूली करता है। गिरोह पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने और लोगों की संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं।
पहले से दर्ज हैं 6 मुक़दमे
खबर के अनुसार रियाज अहमद के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी, फिरौती मांगने और धमकी देने सहित 6 मुकदमे दर्ज हैं। पिछले साल दिसंबर में उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन वर्तमान में वह जमानत पर बाहर हैं। इसके अलावा उनकी पत्नी निकहत परवीन, परवेज जमाल और नजीर अहमद भी जमानत पर रिहा हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच बहादुरगंज चौकी प्रभारी मनोज कुमार सिंह को सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सकती है। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।