1 मई से देशभर में कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका असर आम लोगों से लेकर कारोबार और उद्योगों तक देखने को मिलेगा। इन बदलावों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी, ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नए नियम, डीजल और हवाई ईंधन पर ड्यूटी में कमी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल बाजार से जुड़ा एक बड़ा फैसला शामिल है। इन फैसलों के लागू होते ही इनके प्रभाव भी अलग-अलग क्षेत्रों में नजर आने लगे हैं।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में बड़ा इजाफा:
तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में एक साथ ₹994 तक की बढ़ोतरी कर दी है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर ₹3071.50 में उपलब्ध होगा, जबकि पहले इसकी कीमत ₹2078.50 थी। कीमतों में इस बढ़ोतरी से रेस्टोरेंट और होटल कारोबार से जुड़े लोगों का खर्च बढ़ेगा। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर भी पड़ सकता है, क्योंकि चाय, नाश्ता और भोजन की कीमतें बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा शादियों और अन्य आयोजनों में कैटरिंग सेवाएं भी महंगी हो सकती हैं।
ऑनलाइन गेमिंग के लिए नए नियम लागू:
देश में आज से ‘ऑनलाइन गेमिंग रूल्स 2026’ लागू हो गए हैं। इसके तहत ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी ऑफ इंडिया (OGAI) का गठन किया जाएगा। यह संस्था ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म्स को नियंत्रित करने, उन्हें विभिन्न श्रेणियों में बांटने और उनकी निगरानी का काम करेगी।
इन नियमों के तहत ऑनलाइन गेम्स को तीन श्रेणियों—ऑनलाइन मनी गेम्स, ऑनलाइन सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स—में बांटा गया है। मनी गेम्स पर प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि अन्य गेमिंग प्लेटफॉर्म्स के लिए पंजीकरण अनिवार्य होगा। अब विदेशी गेमिंग कंपनियों को भी भारत में सेवाएं देने के लिए भारतीय कानूनों का पालन करना होगा, चाहे उनका मुख्यालय कहीं भी हो।
इन नियमों में यूजर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उम्र सीमा, पेरेंटल कंट्रोल और समय सीमा जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं। साथ ही गेमिंग के दौरान होने वाले वित्तीय लेनदेन पर भी निगरानी रखी जाएगी। इससे गेमिंग की लत और धोखाधड़ी के मामलों में कमी आने की उम्मीद है और उपयोगकर्ताओं को अधिक सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
डीजल और हवाई ईंधन पर ड्यूटी में राहत:
केंद्र सरकार ने डीजल और हवाई ईंधन पर लगने वाली स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी में कमी की है। 1 मई से अगले 15 दिनों के लिए डीजल एक्सपोर्ट पर यह ड्यूटी घटाकर ₹23 प्रति लीटर कर दी गई है, जो अप्रैल में ₹55.5 थी। वहीं एटीएफ यानी हवाई ईंधन पर ड्यूटी घटाकर ₹33 प्रति लीटर कर दी गई है, जो पहले ₹42 थी।
इसके अलावा पेट्रोलियम मंत्रालय ने ईंधन की परिभाषा में बदलाव करते हुए अब एटीएफ में सिंथेटिक फ्यूल के मिश्रण की अनुमति दे दी है। इस फैसले से भारतीय रिफाइनिंग कंपनियों जैसे रिलायंस और नायरा को अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन बेचने में राहत मिलेगी और उनके मुनाफे में सुधार हो सकता है। हालांकि वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर सीधा असर नहीं पड़ेगा।
यूएई का ओपेक से अलग होना:
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा बदलाव यह हुआ है कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने 1 मई से ओपेक और ओपेक प्लस से अलग होने का फैसला लिया है। ओपेक दुनिया का प्रमुख तेल उत्पादक संगठन है, जो वैश्विक बाजार में 40 से 50 प्रतिशत तक तेल आपूर्ति को नियंत्रित करता है और उत्पादन कोटा तय करता है।
यूएई के इस फैसले के बाद वह उत्पादन पर लगी पाबंदियों से मुक्त होकर तेल उत्पादन बढ़ा सकेगा। इससे वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति बढ़ने की संभावना है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आ सकती है। भारत जैसे तेल आयात करने वाले देशों को इससे अपने स्रोतों में विविधता लाने का अवसर मिल सकता है।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
Tags: #IndiaNews #GasCylinderPrice #OnlineGamingRules #FuelUpdate #GlobalOil