लखनऊ में टला बड़ा हादसा, प्लेन में थे डिंपल यादव संग 151 यात्री…

लखनऊ एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट टेकऑफ से ठीक पहले अचानक रुक गई। रनवे पर विमान पूरी रफ्तार पकड़ चुका था, लेकिन अंतिम क्षणों में पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। जानकारी के मुताबिक, विमान को उड़ान भरने के लिए जरूरी थ्रस्ट नहीं मिल रहा था, जिसकी वजह से पायलट ने टेकऑफ रोक दिया।

फ्लाइट नंबर 6E-2111 में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी व सांसद डिंपल यादव सहित 151 यात्री सवार थे। अचानक विमान रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बाद में उन्हें दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया।

एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि इस घटना की रिपोर्ट डीजीसीए (DGCA) ने मांगी है। वहीं, इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि तकनीकी कारणों से विमान का टेकऑफ रोकना पड़ा। कंपनी ने दोहराया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन फ्लाइट रोकने की सटीक वजह स्पष्ट नहीं की गई।

शनिवार को सुबह 11:10 बजे विमान रनवे पर उड़ान भरने ही वाला था, तभी अचानक झटके के साथ एक आवाज सुनाई दी। यात्रियों के अनुसार, विमान हवा में उठने लायक दबाव नहीं बना पाया। इसी दौरान पायलट ने एटीसी (ATC) को अबेंडिंग टेक ऑफ की सूचना दी और विमान को तुरंत रोक दिया। इसके बाद विमान टैक्सी-वे से वापस लौटकर बे नंबर 07 पर खड़ा कर दिया गया। कुछ यात्रियों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि भगवान ने बड़ी दुर्घटना से बचा लिया।

अबेंडिंग टेक ऑफ क्या होता है?

जब उड़ान भरने के लिए विमान रनवे पर दौड़ रहा होता है और किसी वजह से टेकऑफ रद्द करना पड़ता है, तो उसे अबेंडिंग टेक ऑफ कहा जाता है। यह स्थिति तब आती है जब इंजन में गंभीर तकनीकी खराबी हो, कोई असामान्य आवाज सुनाई दे या पायलट को उड़ान के दौरान खतरे का अंदेशा हो। ऐसी स्थिति में पायलट तुरंत आपात ब्रेक लगाकर विमान रोक देता है।

By Abhinendra

Journalist

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading