उत्तर प्रदेश में आबकारी राजस्व में बढ़ोतरी, अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई


Lucknow: प्रदेश के आबकारी एवं मद्यनिषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  नितिन अग्रवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में माह अगस्त तक 22,337.62 करोड़ रुपये का आबकारी राजस्व प्राप्त हुआ है। यह पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की समान अवधि में प्राप्त 19,316.48 करोड़ रुपये के मुकाबले 15.64 प्रतिशत (लगभग 3,021.41 करोड़ रुपये) अधिक है। अगस्त माह में ही 3,754.43 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष अगस्त माह की तुलना में 4.86 प्रतिशत (लगभग 174.24 करोड़ रुपये) अधिक है। प्रदेश सरकार ने इस अवधि में 23,400 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष यह उपलब्धि दर्ज की है।

अग्रवाल ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ अवैध शराब के कारोबार पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। 1 अगस्त से 31 अगस्त, 2025 के बीच पूरे प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी से जुड़े कुल 10,503 अभियोग दर्ज किए गए। इस दौरान लगभग 2.69 लाख लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई, 1,995 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और 351 आरोपियों को जेल भेजा गया। इसके अतिरिक्त, अवैध शराब की तस्करी में प्रयुक्त 23 वाहनों को जब्त किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 28 अगस्त से 06 सितम्बर, 2025 तक दस दिवसीय तीसरा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 31 अगस्त तक ही 1,587 अभियोग दर्ज किए गए, जिनमें 38,099 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में 340 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 83 आरोपियों को जेल भेजा गया। अभियान के दौरान अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी जब्त किया गया। आबकारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण और तस्करी पर पूर्ण नियंत्रण सरकार की प्राथमिकता है, और विभाग लगातार सख्त निगरानी और कार्रवाई कर रहा है।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading