सिविल अस्पताल में रंगे हाथ पकड़ी गई महिला चैन स्नैचर…



Lucknow। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित सिविल अस्पताल में सोमवार को चैन स्नैचिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई। हालांकि, महिला चैन स्नैचर की योजना मौके पर ही नाकाम हो गई और पीड़िता की सूझबूझ से आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, अस्पताल परिसर में पर्चे वाली लाइन में महिलाएं खड़ी थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला ने दूसरी महिला के गले से सोने की चैन खींचने की कोशिश की। पीड़िता ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और शोर मचा दिया। मौके पर मौजूद अन्य लोग भी जुट गए और महिला स्नैचर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

सूत्रों का कहना है कि महिला आरोपी को सिविल चौकी ले जाया गया, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी पेशेवर गिरोह से जुड़ी हो सकती है, जो अस्पताल जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाते हैं। फिलहाल पुलिस उसकी पहचान और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच में जुटी है।

इस घटना ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। भीड़भाड़ और अव्यवस्थित माहौल का फायदा उठाकर इस तरह की घटनाएं होना आम बात बनती जा रही हैं। वहीं, पीड़िता की सजगता के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पताल प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading