कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में शुरू हुई 3D डिजिटल मेमोग्राफी जांच यूनिट

रिपोर्ट: सऊद अंसारी

Lucknow: कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ में महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक अहम कदम उठाया गया है। यहां रेडियोडायग्नोसिस विभाग में अत्याधुनिक 3D डिजिटल मेमोग्राफी यूनिट – Hologic Selenia Dimensions की स्थापना की गई, जिसका उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने किया।


महिलाओं के लिए नई तकनीक का महत्व

प्रो. भट्ट ने बताया कि स्तन कैंसर भारत में महिलाओं में सबसे सामान्य कैंसर है और इसका शुरुआती चरण में पता लगना बेहद आवश्यक है। इस नई मशीन की मदद से कैंसर के शुरुआती चरण का निदान आसान होगा, जिससे उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस तकनीक से प्रदेश की महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी सुविधा मिलेगी और स्तन कैंसर की रोकथाम और इलाज की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी हो सकेगी।


पांच करोड़ से अधिक की लागत से तैयार यूनिट

रेडियोडायग्नोसिस विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद गुप्ता ने जानकारी दी कि यह यूनिट लगभग ₹5.15 करोड़ की लागत से स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि यह डिजिटल ब्रेस्ट टोमोसेंसिस (3D तकनीक) पर आधारित है, जो स्तन कैंसर की जांच में अधिक सटीकता और स्पष्टता प्रदान करती है। उनके अनुसार यह केवल एक मशीन का उद्घाटन नहीं है, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य और समाज को कैंसर से बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।


उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे चिकित्सक और स्टाफ

इस अवसर पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विज्येद्र, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, रजिस्ट्रार डॉ. आयुष लोहिया, विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद गुप्ता, रेज़िडेंट्स, टेकनीशियन और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे। सभी ने इस नई तकनीक के शुरू होने को कैंसर के खिलाफ लड़ाई में एक नई उम्मीद बताया।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading