योगी सरकार में संजय प्रसाद बरकरार, ताकतवर हुए दीपक कुमार…

रिपोर्ट: सऊद अंसारी



Lucknow: योगी सरकार ने गुरुवार को प्रशासनिक हलकों में बड़ा बदलाव करते हुए 14 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया। इस तबादला सूची में सबसे बड़ा झटका मुख्य सचिव एसपी गोयल को लगा है। उनसे IIDC (इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कमिश्नर) और यूपीडा के सीईओ समेत तमाम अहम जिम्मेदारियां छीन ली गईं। अब उनके पास कोई विभाग नहीं रहेगा।

सबसे अहम बात यह रही कि अपर मुख्य सचिव वित्त दीपक कुमार अब मुख्य सचिव से भी ज्यादा ताकतवर अफसर बनकर उभरे हैं। 1990 बैच के इस आईएएस अधिकारी के पास अब ऐसे विभागों की जिम्मेदारी आ गई है, जिन्हें सामान्य तौर पर मुख्य सचिव ही संभालते आए हैं।


दीपक कुमार की बढ़ी ताकत

यूपी शासन में परंपरागत रूप से अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, पिकअप बोर्ड के अध्यक्ष, यूपीडा के सीईओ, समन्वय विभाग के अपर मुख्य सचिव, उपशा और यूपीडास्प के परियोजना निदेशक का चार्ज मुख्य सचिव को दिया जाता रहा है। मगर इस बार ये सभी अहम जिम्मेदारियां एसपी गोयल से छीनकर सीधे दीपक कुमार को सौंप दी गईं।

हालांकि उनसे बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग का कार्यभार वापस ले लिया गया है, लेकिन इसके एवज में उन्हें कृषि उत्पादन आयुक्त, वित्त विभाग और तमाम अहम महकमों की कमान सौंप दी गई है। पिछले आठ साल में कोई भी अपर मुख्य सचिव इतना ताकतवर नहीं रहा।


पार्थसारथी सेन शर्मा का तबादला

अगस्त 2022 से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की कमान संभाल रहे पार्थसारथी सेन शर्मा को बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। चूंकि वह तीन साल से अधिक समय तक एक ही विभाग में बने हुए थे, इसलिए उनका तबादला पहले से तय माना जा रहा था।


अमित घोष की दमदार वापसी

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 1994 बैच के आईएएस अमित कुमार घोष को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। अभी तक वे सचिवालय प्रशासन और पशुपालन विभाग देख रहे थे। इस बदलाव को उनकी प्रशासनिक मुख्यधारा में जोरदार वापसी के रूप में देखा जा रहा है।



पर्यटन विभाग से हटे मुकेश मेश्राम

पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम को हटाकर पशुपालन, दुग्ध विकास और मत्स्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। दरअसल, उनकी पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के साथ लंबे समय से अनबन चल रही थी। इसी कड़ी में हाल ही में उनसे पर्यटन महानिदेशक का चार्ज भी छीन लिया गया था।

संजय प्रसाद की स्थिति बरकरार

सीएम योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद अफसर माने जाने वाले संजय प्रसाद की ताकत जस की तस बनी हुई है। उन्हें मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाए रखते हुए गृह, गोपन, प्रोटोकॉल, सूचना, वीजा, पासपोर्ट, सतर्कता और राज्य संपत्ति जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि नागरिक उड्डयन विभाग उनसे लेकर दीपक कुमार को सौंपा गया है।


आलोक कुमार की जिम्मेदारियों में कटौती

मुख्य सचिव एसपी गोयल के करीबी अफसर आलोक कुमार के पास प्रमुख सचिव नियोजन, कार्यक्रम क्रियान्वयन और वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के नोडल अधिकारी जैसे अहम कार्य तो रहेंगे, साथ ही उन्हें जीरो पावर्टी का नोडल अधिकारी भी बनाया गया है। लेकिन उनसे पुनर्गठन, समन्वय, भाषा, राष्ट्रीय एकीकरण और सामान्य प्रशासन जैसे कई विभाग हटा दिए गए हैं।


अमृत अभिजात को पर्यटन विभाग भेजा गया

नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा के करीबी अफसर अमृत अभिजात को नगर विकास से हटाकर पर्यटन, संस्कृति और धर्मार्थ कार्य विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। माना जा रहा था कि उन्हें गृह या कोई बड़ा विभाग मिल सकता है, लेकिन इस तबादले को उनके लिए झटका माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, दो महीने पहले एक सांसद से उनका विवाद हुआ था। इसके अलावा प्रदेश के कुछ विधायक और सांसद भी उनके कामकाज से असंतुष्ट बताए जा रहे थे।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading