लखनऊ: दरोगा ने भाजपा बूथ अध्यक्ष का पिस्टल से सिर फोड़ा, बोले- घर में घुसकर भाई को लाठी और पत्नी को लात मारी
लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में भाजपा बूथ अध्यक्ष और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद रावत ने आरोप लगाया है कि बंथरा थाने में तैनात दरोगा सचिन यादव ने उनके सिर पर पिस्टल की बट से हमला किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें बचाने पहुंचे भाई के साथ पुलिसकर्मियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जबकि उनकी पत्नी के पेट पर लात मारी गई, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। मामले की शिकायत गुरुवार दोपहर एसीपी से की गई। इसके बाद पुलिस विभाग की प्राथमिक जांच में दरोगा को दोषी पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया।
दुकान लगाने को लेकर हुआ था विवाद:
मामला बंथरा थाना क्षेत्र के खसरवारा गांव का है। यहां रहने वाले अरविंद रावत भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। उनके मुताबिक बुधवार रात करीब 8:30 बजे गांव के ही साहिल, सारजन और राहुल से दुकान लगाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। इसके बाद अरविंद रावत शिकायत लेकर बंथरा थाने पहुंचे।
उन्होंने साहिल और उसके साथियों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कही और उन्हें घर भेज दिया। कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के लोग भी थाने पहुंचे और अरविंद रावत पर आरोप लगाते हुए अपनी शिकायत दी।
रात में घर पहुंची पुलिस टीम:
अरविंद रावत के मुताबिक, रात करीब 11 बजे बंथरा थाने में तैनात दरोगा सचिन यादव कुछ पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। उस समय परिवार के लोग सो रहे थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें और परिवार के सदस्यों को जगाकर पूछताछ शुरू की और इसी दौरान मारपीट की गई।
अरविंद ने एसीपी कृष्णानगर को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई नरेंद्र, पत्नी नीतू और बच्चे भी घर में मौजूद थे। आरोप के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने नरेंद्र को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। भाई को बचाने के लिए नीतू आगे आईं तो दरोगा सचिन यादव ने उनके पेट पर लात मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर गईं।
भाई को घर से बाहर तक पीटने का आरोप:
शिकायत के अनुसार, पुलिसकर्मी नरेंद्र को पीटते हुए हाईवे की सड़क की ओर ले गए। इसी दौरान नरेंद्र किसी तरह पुलिसकर्मियों से छूटकर पड़ोसी ओम प्रकाश के घर के अंदर चला गया। आरोप है कि इसके बाद दरोगा सचिन यादव और दो पुलिसकर्मी ओम प्रकाश के घर में भी दाखिल हो गए और नरेंद्र के साथ मारपीट करने लगे।
अरविंद रावत का कहना है कि जब वह अपने भाई को बचाने के लिए वहां पहुंचे तो दरोगा ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पिस्टल की बट से सिर पर हमला करने का आरोप:
अरविंद रावत ने आरोप लगाया कि शोर मचाने के बाद दरोगा सचिन यादव ने उसी पिस्टल की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया। इससे उनके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा। उन्होंने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद दरोगा पिस्टल लहराते हुए लगातार जान से मारने की धमकी देते रहे।
शोर सुनकर आसपास के मोहल्ले और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद स्थिति शांत हुई। अरविंद रावत ने अपनी शिकायत में कहा कि घटना के बाद वह और उनका परिवार डरे हुए हैं और मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
पुलिस टीम के घर पहुंचने के वीडियो सामने आए:
मामले से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पुलिस टीम के भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर पहुंचने और लोगों के साथ कथित मारपीट का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया। अरविंद रावत ने गुरुवार दोपहर एसीपी से पूरे मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
प्राथमिक जांच में दरोगा निलंबित:
एसीपी कृष्णानगर अभिषेक पांडेय ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले की जांच के लिए दरोगा सचिन यादव अपनी टीम के साथ गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर अरविंद रावत और दरोगा के बीच विवाद हुआ।
एसीपी के मुताबिक, प्राथमिक जांच में दरोगा सचिन यादव को दोषी पाया गया है, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। विभागीय जांच एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जांच के बाद आगे होगी कार्रवाई:
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में विभागीय जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शिकायत, सामने आए वीडियो और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्राथमिक जांच के आधार पर दरोगा को निलंबित किया जा चुका है।
#Tag: #Lucknow #Banthra #PoliceAction #BJPLeader
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।