ज्ञानवापी सुरक्षा ड्यूटी में महिला सिपाही से मारपीट:मां-बेटी ने की हाथापाई, आईडी कार्ड लेकर भागीं
वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी के साथ दर्शन के लिए आई मां-बेटी द्वारा गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चेकिंग के दौरान विवाद बढ़ने पर दोनों महिलाओं ने महिला आरक्षी के साथ हाथापाई की और उसके बाल खींचे। इस दौरान आरक्षी का पहचान पत्र भी टूट गया। महिला आरक्षी की तहरीर पर चौक थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुलिस जांच कर रही है।
चेकिंग के दौरान शुरू हुआ विवाद:
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, महिला आरक्षी चांदनी आमदा चौक थाने में नियुक्त हैं और वर्तमान में ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं। रविवार 20 सितंबर को उनकी ड्यूटी सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक पश्चिमी डी गेट पर लगी थी।
दोपहर करीब 12:45 बजे दो महिलाएं दर्शन के लिए वहां पहुंचीं। चेकिंग के दौरान उनके पास मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने की बात तहरीर में कही गई है। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मियों ने दोनों महिलाओं को सामान जमा करने के बाद आगे जाने के लिए कहा।
दोबारा पहुंचने पर कहासुनी का आरोप:
बताया गया कि सामान जमा करने के बाद दोनों महिलाएं दोबारा दर्शन के लिए पहुंचीं। उस समय महिला आरक्षी रीना उनकी चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान बेटी की किसी बात को लेकर आरक्षी रीना से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद मां-बेटी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
आवाज सुनकर महिला आरक्षी चांदनी वहां पहुंचीं और दोनों महिलाओं को विवाद या बहस नहीं करने तथा व्यवस्था के अनुसार दर्शन करने की बात कही। तहरीर के मुताबिक, इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई और दोनों महिलाओं ने महिला आरक्षी के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
पहचान पत्र का पट्टा खींचने का आरोप:
महिला आरक्षी की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दोनों महिलाएं उनकी तरफ दौड़ीं। चांदनी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो दोनों ने उनका हाथ पकड़ लिया। इसी दौरान बेटी ने महिला आरक्षी के पहचान पत्र का पट्टा खींच दिया, जिससे पहचान पत्र टूट गया।
तहरीर के अनुसार, इसके बाद महिला पहचान पत्र लेकर वहां से जाने लगी। जब महिला आरक्षी ने अपना पहचान पत्र वापस लेने का प्रयास किया तो मां-बेटी द्वारा उनके साथ मारपीट और बाल खींचने का आरोप लगाया गया है। घटना में महिला आरक्षी को चोटें आने की बात भी सामने आई है।
चौक थाने में दर्ज हुआ मामला:
मामले में महिला आरक्षी ने चौक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मां-बेटी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी:
एसीपी अतुल अंजान के अनुसार, मामला संज्ञान में आया था और दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला आरक्षी से भी पूरी जानकारी लेकर जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#Tag: #Gyanvapi #Varanasi #FemaleConstable