Ghazipur: गाजीपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित अनुसूचित युवा सम्मेलन में समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने शिरकत की। उन्होंने छात्रों की छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। और मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। कॉलेज और विश्वविद्यालय के छात्रों की पिछले साल की रुकी हुई छात्रवृत्ति को भी मंजूरी दे दी गई है।
युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री युवा योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नौकरी के साथ-साथ बिजनेस का अनुभव भी प्राप्त करें। विकसित भारत में योगदान के लिए स्वयं का व्यवसाय शुरू करें। किसी भी प्रकार के भेदभाव की स्थिति में कानून हाथ में न लेकर संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए ऑनलाइन गेमिंग बिल मंत्री ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण कानून है। इंटरनेट से जहां बच्चे लाभान्वित होते हैं, वहीं कुछ गलत गतिविधियां भी होती हैं। ऑनलाइन गेमिंग में कुछ खेल जहां सामान्य हैं, वहीं कई खेलों में धन का लेन-देन होता है। आने वाले समय में ओलंपिक में भी ऑनलाइन गेमिंग शामिल होगी। सट्टेबाजी के कारण बच्चे आत्महत्या तक कर रहे हैं। सरकार अब इन सभी गतिविधियों पर नियंत्रण करेगी।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा शासन में कानून को अपने हाथ में लेने की नीति रही है। प्रयागराज में अतीक अहमद की राजनीति हत्याओं पर टिकी थी। पूजा पाल मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राजू पाल की हत्या और उनके परिवार को प्रताड़ित किया गया। अब किसी की हिम्मत नहीं है कि पूजा पाल पर आंख उठाकर देख ले। यदि कोई ऐसा करता है तो कानून अपना काम करेगा।
नेता ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सपा शासन में उद्योग उत्तर प्रदेश से पलायन कर रहे थे। कर्मचारी यूपी में पोस्टिंग से बचने की कोशिश करते थे। गाजीपुर की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह माफिया का गढ़ था। जीप पर बंदूक लहराने वाले माफिया को सरकार ने व्हीलचेयर पर कर दिया था। योगी सरकार में कोई माफिया सिर नहीं उठा सकता।
तेजस्वी यादव पर शाहजहांपुर में दर्ज मुकदमे के बारे में उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी मिलने के बाद ही कुछ बता पाएंगे।
असीम अरुण,राज्यमंत्री समाज कल्याण।