ग़ाज़ीपुर। भदौरा क्षेत्र के दिलदारनगर थाना अंतर्गत उसिया गांव में समाजसेवी इमरान खान ने ईद मिलादुन्नबी और शिक्षक दिवस के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गांव की गलियों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। उनका मानना है कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से गांव को सुरक्षित और हाईटेक बनाया जा सकता है। इमरान का यह प्रयास न केवल अपराधियों पर लगाम लगाने में मदद करेगा, बल्कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी पुलिस प्रशासन के प्रयासों को सहयोग देगा। पुलिस विभाग भी सीसीटीवी कैमरों के महत्व को मानते हुए गांवों में इनकी स्थापना को बढ़ावा दे रहा है, ताकि किसी भी घटना के बाद अपराधियों तक आसानी से पहुंचा जा सके।
इमरान खान ने बताया कि डेढ़ वर्ष पहले गांव में एक दर्दनाक घटना हुई थी, जिसका आज तक कोई सुराग नहीं मिला। उस घटना के बाद उन्होंने मृतक की मां से वादा किया था कि गांव में ऐसी कोई घटना दोबारा न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त कर चुके इमरान का सपना है कि अपने गांव को हाईटेक और विकसित बनाया जाए। वे निःशुल्क वाई-फाई, बेहतर शिक्षा और खेल के अवसर उपलब्ध कराकर युवाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना चाहते हैं। हाल ही में इमरान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंदों तक दूध, बिस्किट, पानी और नमकीन जैसी जरूरी सामग्री पहुंचाई थी। इसके अलावा उन्होंने तिरंगा यात्रा में भी सक्रिय भागीदारी की और जहां गांव की गलियों में गंदे पानी से आवागमन बाधित था, वहां मरम्मत कराकर रास्ता सुगम बनाया।
इमरान के इन प्रयासों की स्थानीय लोग भी सराहना कर रहे हैं। गांव के लोग उनकी टीम के साथ जुड़कर इस पहल को सफल बनाने में मदद कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों के उद्घाटन मौके पर दिलदारनगर थाना प्रभारी अशोक मिश्रा, हेड कॉन्स्टेबल और अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। थाना प्रभारी ने कहा कि सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अहम कदम है, इससे आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण पाने और अपराधियों को पकड़ने में बड़ी मदद मिलती है। गांव के विकास और सुरक्षा को लेकर इमरान की यह पहल एक मिसाल बनकर उभर रही है, जो आने वाले समय में अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत साबित हो सकती है।
Ghazipur: अपराध पर नकेल: उसिया गांव में लगें सीसीटीवी

