गाजीपुर। व्यापारी नेता की जमीन जबरन हड़पने के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट स्वप्न आनंद की अदालत में सुनवाई चल रही है। सोमवार को मुख्तार अंसारी, अब्बास अंसारी, अफरोज और आतिफ रजा जेल से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुए। इस मामले में सुनवाई के बाद अदालत ने आठ फरवरी की तिथि नियत की है।
व्यापारी अबू फखर ने सदर कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने मुख्तार अंसारी समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया था। बताया था कि 2012 में जब मुख्तार अंसारी लखनऊ जेल में बंद था, उस समय मुख्तार ने मुझे लखनऊ जेल बुलाया था और मेरी रौजा स्थित जमीन को अपने परिजनों के नाम रजिस्ट्री करने के लिए धमकाया। मैंने डर के मारे जमीन को अब्बास अंसारी के नाम रजिस्ट्री कर दी और बाद में रजिस्ट्री के एवज में दिया गया पैसा मुझसे ब्लैंक चेक के माध्यम से धमकाकर वापस ले लिया। इस मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई चल रही है। विभिन्न जिलों के कारागारों में निरूद्ध मुख्तार सहित चार आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए न्यायालय में पेश हुए। पुलिस की तरफ से चारों के विरूद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। न्यायालय ने अगली कार्रवाई के लिए उपरोक्त तिथि नियत की है।