आशा कार्यकर्ताओं और संगिनी ने 400 मास्क बनाकर गांव में बांटे

संवाददाता शैलेंद्र शर्मा


आजमगढ़, 30 अप्रैल 2020 । ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) के सहयोग से आशा कार्यकर्ताओं ने 400 मास्क बनाए और इसके साथ ही 400 पीस साबुन और 20 सेनेटाइजर

खरीदकर ग्रामीणों में वितरित किए।
मोहम्मदपुर ब्लाक के हूसेपुर गांव की तीन आशा कार्यकर्ता उर्मिला देवी, इंदूदेवी, संगीता और एक आशा संगिनी सीमा राय ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए खुद ही मास्क बनाने का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने गांव के प्रधान विनोद कुमार से भी मदद ली। वीएचएसएनसी का खाता आशा और प्रधान का संयुक्त रूप से होता है। समिति के माध्यम से ही गांव में साफ-सफाई, बैठक के लिए कुर्सी-मेज तथा टीकाकरण के लिए खर्च किया जाता है। संयुक्त खाते से प्रधान ने उन्हें दो हजार रुपये का सहयोग किया। इसके पश्चात आशा कार्यकर्ताओं तथा संगिनी ने मास्क बनाने के लिए काम आने वाले कुछ जरूरी सामान खरीदे तथा 20 सेनेटाइजर और 400 पीस साबुन खरीदा। उन्होंने लगभग छह दिन पहले मास्क बनाने का काम शुरू किया था। मंगलवार तक 400 मास्क बनकर तैयार किए गए और उसका गांव के ही प्रत्येक घर में एक मास्क वितरण किया।
मास्क, सेनेटाइजर और साबुन वितरण का लाभ गांव के कमजोर वर्ग के लोगों के बीच किया गया। वहीं स्कूल में काम कर रहे मनरेगा मजदूरों को भी मास्क व अन्य चीजें बांटीं गईं। हर घर में सामान देने के साथ ही लोगों को स्वयं से ही मास्क बना लेने के बारे में बताया गया। उन्हें सोशल डिस्टैंसिंग बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि बहुत जरूरी काम हो तो ही घर से निकलें। जब भी घर से बाहर निकलें मास्क का प्रयोग जरूर करें। कोई सामान छुएं तो कम से कम 20 सेकंड तक हाथ धोएं। हाथ धोने में SUMAN-K विधि का प्रयोग करें। S-मतलब सीधा, U-मतलब उल्टा, M-मुट्ठी, A-अंगूठा, N-नाखून, k-कलाई को धोना चाहिए।
मोहम्मदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल आफिसर इनचार्ज (एमओआईसी) डा. सिद्धार्थ शंकर ने बताया कि पूर्व में ही आशा कार्यकर्ताओं और संगिनी सीमा राय ने समुदाय में मास्क, सेनेटाइजर और साबुन बांटने की सूचना दी थी। मास्क बनाते समय मेडिकल आफिसर डॉ शाह आलम मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading