गाजीपुर | Mahakumbh 2025 के दौरान संगम में पवित्र स्नान करने एक तरफ जहाँ करोड़ों श्रद्धालु पहुँच रहे हैं तो वहीँ VIP और VVIP भी पीछे नहीं हैं, तमाम राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री, नेता, अधिकारी, फ़िल्मी हस्तियाँ और बड़े व्यापारी भी पहुँच रहे हैं। एक तरफ जहाँ प्रशासन व्यवस्था को मजबूत बनाये रखना चाहता है तो वहीँ अत्यधिक भीड़ से समस्याएं भी खड़ी हो रही हैं। इस महाकुंभ में स्नान करने के लिए देश ही नहीं विदेशों से लोगों के आने का क्रम नहीं रुक रहा है तो वहीं विपक्ष व्यवस्थाओं और VVIP कल्चर पर सत्ता पक्ष को घेर भी रहा है। इसी क्रम में गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी का एक बयान सामने आया, जिसको लेकर हर तरफ चर्चा होने लगी।

दरअसल संत रविदास की जयंती पर गाजीपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अफजाल अंसारी ने माघ पूर्णिमा पर आयोजित महाकुंभ स्नान की भीड़ को देखते हुए कहा कि
मान्यता है कि संगम तट पर नहा कर व्यक्ति का पाप धुल जाएगा, इसका मतलब कि आगे बैकुंठ में जाने का रास्ता खुल जाएगा और भीड़ देखने से ऐसा लग रहा है कि अब नर्क में कोई नहीं बचेगा और स्वर्ग हाउसफुल हो जाएगा। ट्रेनों का हाल यह है कि लोग शीशा तोड़ रहे हैं और अंदर औरतों कांप रही हैं। बच्चों को गोद में छुपा कर रो रही हैं बिलख रही हैं। शीशा तोड़ने वाले और रेलवे स्टेशन पर हंगामा करने वाले लोग हमारे और आपके घर के बच्चे हैं जो ट्रेनों के शीशे तोड़ रहे हैं, उनके हाथों में पत्थर है, पुलिस वाले भी परेशान हैं और टीटी ने अपना काला कोट उतार कर झोले में रख दिया है की कहीं भीड़ हमारी भी पिटाई ना कर दे। मैंने अपनी आंख से देखा जो ट्रेनों में तोड़फोड़ करने वाले हैं उनकी उम्र 15 से 20 साल की है। इतनी भीड़ हो गई कि इन लोगों ने इतना अनुमान नहीं लग पाया था। भगदड़ में न जाने कितने लोगों की मौत हो गई लेकिन सही गिनती आज तक पता नहीं चल पाई। लौट के जो लोग आ रहे हैं वह मौत का मंजर का बखान कर रहे हैं।
गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी शादियाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जहां पर उन्होंने महाकुंभ में स्नान करने वालों को लेकर बयान दे डाला। दरअसल माघ पूर्णिमा पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ ट्रेन में उमड़ पड़ी, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रेन में पैर रखने तक की जगह नहीं थी कि इस बिच ट्रेन पर पथराव की भी खबर आई…
इन घटनाओं के बाद गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी का बयान सामने आया, जिसमे उन्होंने इन घटनाओं का भी जिक्र किया है। खबर के अनुसार अब इस बयान को लेकर गाजीपुर के शादियाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष देवप्रकाश सिंह ने दर्ज कराया है।
अफजाल अंसारी के इस बयान से सोशल मीडिया पर भी घमासान मच गया है। राजनीति से जुड़े लोगों ने इस बयान की आलोचना की है। गाजीपुर लोकसभा के राजनीतिक चन्दन सिंह राणा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि “अफजाल अंसारी जी आपको हमारे धर्म पर अमर्यादित बयान देने का कोई अधिकार मिला हो तो उसकी एक कॉपी मुझसे भी साझा करने की कृपा करें! बहरहाल आप बुजुर्ग हैं मैं आपकी तरह आप पर अमर्यादित टिप्पणी तो नहीं करना चाहता पर आपके इस घटिया सोच की निंदा करता हूँ! आशा करूँगा की आने वाले समय में कभी आप अपनी घटिया सोच को बयान के रूप में तो न ही लाएंगे!”

वहीँ पूर्व उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी ( नगर ) ग़ाज़ीपुर अभिनव सिंह अपने फेसबुक पोस्ट में लिखते हैं कि “सांसद महोदय आप भी मक्का मदीना हो आइये ।।मान्यता यह भी तो हैं कि मक्का मदीना जा कर सब पाक हो जाते हैं जन्नत मिल जाती हैं इसका मतलब सब मुसलमान वहाँ जाकर पाक हो जायेंगे और सब जन्नत में जायेंगे, और जहन्नुम खाली रह जाएगी ।।”

महंत राजू दास ने अपने x अकाउंट पर एक विडियो पोस्ट करते हुए कहा कि किसी नेता में दम हो तो इस्लाम के बारे में बोलकर देखले

भाजपा प्रवक्ता रत्नाकर सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर अफजाल अंसारी के बयान की आलोचना की है…


