गाजीपुर। यदि आप बाइक सवार हैं और बिना हेलमेट और मास्क के पेट्रोल लेने के लिए जा रहे हैं तो ऐसा भी हो सकता है कि आपको पेट्रोल न मिले। बिना मास्क के चारपहिया वाहन वाले भी डीजल से वंचित हो सकते है । क्योंकि जिलाधिकारी डा. ओमप्रकाश आर्य ने कोरोना महामारी को देखते हुए पेट्रोल पम्प संचालकों को सख्त आदेश दिया है कि बिना हेलमेट और मास्क वालों को किसी भी हाल में पेट्रोल-डीजल न दिया जाए। इसके साथ ही पम्प पर लगे सीसीटीवी कैमरा को चैबीसों घंटा चालू रखा जाए।
जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के समय यदि बिना मास्क व हेलमेट के किसी भी व्यक्ति को पेट्रोल व डीजल देते हुए पाया जाता है या सीसीटीवी कैमरे की जांच में यदि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क व हेलमेट के डीजल व पेट्रोल लेते हुए नजर आता है तो संबंधित पेट्रोल पंप प्रतिष्ठान के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी। पम्प पर तैनात कर्मचारी खुद भी मास्क पहने। यह आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू है।

