नंदगंज। स्थानीय बाजार तथा आसपास के चट्टी- चौराहों पर प्रतिबंधित मांगुर मछली खुलेआम बेची जा रही है। मांगुर मछली की बिक्री पर सम्बन्धित विभाग रोक लगाने पूरी तरह से असफल है। अन्य स्थानों पर यदि मांगुर मछली की बिक्री पर कोई कार्यवाही होती है तो मछली विक्रेता एक दो दिन बाद पुनः बेचना शुरु कर देते हैं। नंदगंज मछली बाजार में मांगुर मछली बिक्री पर एक बार भी निरीक्षण तथा कोई कार्रवाई नहीं होने से मछली विक्रेता बेहिचक बेच रहें हैं।
मत्स्य विभाग के अनुसार मांगुर मछली प्राकृतिक जलीय संपदा एवं पर्यावरण के लिए अत्यन्त घातक एवं कई बीमारियों की वाहक होती हैं। जो पर्यावरण और इंसानों के स्वास्थ्य के लिए काफी नुकसानदायक है। अतः सरकार ने इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इसका ग्रामसभा तथा निजी तालाबों में पालन-संवर्धन भी नहीं किया जा सकता है। मांगुर मछली का भंडारण, आयात-निर्यात एवं बिक्री पूर्णतया प्रतिबंधित है।
मछली के शौकीन लोगों को भी मांगुर खाने से परहेज करना चाहिये। अन्यथा वे कई बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। बावजूद इसके स्थानीय प्रशासन द्वारा नंदगंज में मांगुर मछली की बिक्री पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है।