गाजीपुर। रौजा मुख्य मार्ग से रजदेपुर रेलवे क्रासिंग तक लगभग 337 मीटर तक बने सीसी रोड और नाली मरम्मत कार्य का लोकार्पण गुरुवार को जंगीपुर विधायक डा. विरेंद्र यादव ने किया। इस मौके पर विधायक डा. यादव ने कहा कि यह सड़क महीनों से क्षतिग्रस्त थी। इससे आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बारिश होने पर सड़क और भी नारकीय हो जाती थी। कई-कई दिनों तक कीचड़-पानी जमा रहता था। लोगों को इसी के बीच से आवागमन करने को विवश होना पड़ता था। पानी निवासी की व्यवस्था न होने से सड़क किनारों पर स्थित दुकानों में बारिश का पानी चला जाता था। सड़क बनने के बाद अब आवागमन करने वालों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिध जोगी यादव, मुलायम यादव, शंकर विश्वकर्मा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

