Report : Haseen Ansari
गाजीपुर | जनपद का तापमान रविवार को फिर से 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इस कारण जनपद पूरे दिन चिलचिलाती धूप से तपता रहा। धूप के सितम के कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर में नगर के बाजार में कम रौनक देखने को मिली। पिछले चार-पांच दिनों तक जनपद का पारा 40 डिग्री सेल्यिस के नीचे पहुंच गया था, लेकिन एक बार फिर से पारा ने छलांग लगाया है।
रविवार को अधिकतम तापमान 42.5 और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी से बीते दिनों की अपेक्षा रविवार को दोपहर में सड़क पर काफी कम संख्या में लोग निकले। ज्यादातर लोगों ने अपने-अपने घरों में पंखा और कूलर के नीचे रहना बेहतर समझा। घरों से निकलने वाले लोग भी सड़कों पर गमछे से मुंह और सिर बांध कर निकले। वहीं महिलाएं भी धूप के कारण छतरी का सहारा लेती नजर आईं।
धूप इतनी तेज थी कि शाम छह बजे तक तपन महसूस किया गया। पीजी कॉलेज कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक कपिलदेव शर्मा ने बताया कि जनपद का अधिकतम तापमान 42.5 और न्यूनतम 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।