उत्तर प्रदेश में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद अब कई जिलों में फैल गया है। बरेली और लखनऊ में पोस्टर व रैली से जुड़े घटनाक्रम ने माहौल को गर्म कर दिया है। कानपुर से शुरू हुआ यह विवाद अब सड़कों पर प्रदर्शन, पोस्टर और पुलिस कार्रवाई का रूप ले चुका है।
बरेली में जुमे के बाद बवाल
बरेली में जुमे के बाद हालात तनावपूर्ण बने। इत्तेहादे मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा की अपील पर सड़कों पर भीड़ उतर आई, जिसे रोकने पर पुलिस के साथ पथराव हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौलाना तौकीर रजा समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 39 लोगों को हिरासत में लिया गया और पांच थानों में 2,000 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमें दर्ज किए गए। 10 मुकदमों में से सात में तौकीर रजा का नाम शामिल है।
पुलिस कार्रवाई और कानून-व्यवस्था
पुलिस ने बरेली में दौड़ा-दौड़ाकर उपद्रवियों को काबू में किया। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस बल घटनास्थल पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मौलाना तौकीर रजा भूल गया कि शासन किसका है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग मानते थे कि धमकी देकर सड़कें जाम कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने साफ कर दिया कि जाम नहीं होगा, कर्फ्यू भी नहीं लगेगा। आने वाली पीढ़ियां दंगा करने से पहले दो बार सोचेंगी।”
लखनऊ और बाराबंकी में पोस्टर वॉर
लखनऊ की सड़कों पर नए होर्डिंग लगाए गए हैं। इन पर लिखा है – ‘आई लव श्री योगी आदित्यनाथ जी’ और ‘आई लव बुलडोजर’। वहीं बाराबंकी में देर रात ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर फाड़ने को लेकर हंगामा हो गया। पुलिस ने बड़ी संख्या में बल तैनात कर हालात काबू में किए।
विवाद की शुरूआत और फैलाव
यह विवाद कानपुर से शुरू हुआ था। 4 सितंबर को बारावफात (ईद मिलाद-उन्नबी) के जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा बैनर जुलूस मार्ग पर लगाया। स्थानीय हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने बैनर हटा दिए और 9 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की। इसके अलावा 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई।
पोस्टर और रैली के जवाब में हिंदू संगठनों की प्रतिक्रिया
विवाद बढ़ने के बाद कई अन्य शहरों और राज्यों में ‘आई लव मोहम्मद’ के समर्थन में रैलियां, बैनर और पोस्टर लगे। इसके जवाब में हिंदू समुदाय ने “I Love Mahadev/Mahakaal” जैसे बैनर और पोस्टर लगाए। ऐसे में सियासी और सामाजिक तनाव बढ़ गया है और प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।

