मतदाता सूची में अब कोई नहीं रहेगा वंचित
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 2026 के अंतर्गत स्वयं अपना गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) भरकर प्रदेशवासियों को सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शुद्ध निर्वाचक नामावली एक मज़बूत लोकतंत्र की नींव है और इस दिशा में हर पात्र नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
शुद्ध मतदाता सूची के लिए विशेष अभियान:
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में चल रहे इस विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नाम का सत्यापन करें और यदि किसी का नाम सूची में नहीं है, तो तुरंत गणना प्रपत्र भरकर शामिल करवाएं।
घर-घर पहुंच रहे हैं बीएलओ (BLO):
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत करेगा। मतदाता फॉर्म को ध्यानपूर्वक भरें, उस पर हस्ताक्षर करें और समय पर बीएलओ को वापस करें ताकि नाम आगामी ड्राफ्ट मतदाता सूची में सम्मिलित हो सके।
ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन:
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि जिन मतदाताओं के हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को प्राप्त हो जाएंगे, उनके नाम 9 दिसंबर 2025 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और सटीक मतदाता सूची तैयार करने के लिए हर नागरिक का सहयोग आवश्यक है।
अद्यतन नामावली के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील:
रिणवा ने मतदाताओं से अनुरोध किया कि जिन नागरिकों की मृत्यु हो चुकी है या जो स्थायी रूप से किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गए हैं, उनके परिवारजन इसकी सूचना बीएलओ को अवश्य दें। उन्होंने बताया कि इससे नामावली को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में सहायता मिलेगी।
राजनीतिक दल भी दे रहे हैं सहयोग:
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी की जागरूकता और सहभागिता से आगामी अंतिम मतदाता सूची, जो 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित होगी, पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन होगी।
#tag: #VoterList, #ElectionCommission, #UPNews
डिस्क्लेमर: यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है।