जौनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जौनपुर के कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों छात्रों के साथ मंगलवार को जिला संयोजक उद्देश्य सिंह,शिवेंद्र सिंह व अभिषेक के संयुक्त नेतृत्व में विश्वविद्यालय का घेराव कर छ: सूत्री मांग विश्वविद्यालय के कुलपति निर्मला मौर्या के समक्ष रखी।
जिला संयोजक उद्देश्य सिंह ने कहा की स्नातक तृतीय वर्ष के छात्रों के परीक्षा परिणामों को ध्यान दिया जाए तो छात्रों को औसत अंक देकर अनुत्तीर्ण कर दिया गया है वहीं कुछ छात्र जो उत्तीर्ण हुए है उनके प्रदर्शन खराब हो गए है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों की कुछ विषयों की ही परीक्षा कराई गई जिसके अंकों को आधार मानकर औसत निकालकर समस्त विषयों के परीक्षा के अंक प्रदान कर दिए गए हैं जिससे छात्रों का परिणाम काफी खराब आया है।कुछ छात्रों के प्रायोगिक विषयों के अंक में भी अत्यधिक कमी कर दी गई है।
जिसका परिणाम यह रहा है की 30% से अधिक विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हो गए हैं।वहीं कुछ छात्रों के अंकपत्र पर अपूर्ण लिखकर परीक्षा परिणाम घोषित किया गया है।कुछ विद्यार्थी जिन्होंने पर्यावरण एवम राष्ट्र गौरव की परीक्षा तो दी है परंतु उसके बावजूद उनके अंकपत्र में wrg (failed in rastra Gaurav and environment) अंकित कर दिया गया है।जिससे विद्यार्थियों के मन में विश्वविद्यालय के मूल्यांकन प्रणाली व अनैतिक परीक्षा नियमावली को लेकर काफी निराशा व आक्रोश का भाव है।
छात्र नेताओं ने मांग की कि समस्त विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिका का पुनर्मूल्यांकन कराते हुए अतिशीघ्र पुनः परीक्षा परिणाम घोषित किए जाए। बिना प्रायोगिक परीक्षा कराए विद्यार्थियों को प्रायोगिक विषयों के अंक प्रदान कर दिए गए हैं।जिससे उनके परिणाम के अंकों में गिरावट हुई है। अतः महाविद्यालयों से छात्रों का प्रायोगिक अंक पुनः मंगाते हुए परिणाम घोषित किया जाए। समस्त छात्रों के औसत अंक उनके प्रायोगिक परीक्षा व अधिकतम अंक पाने वाले विषयों के आधार पर करते हुए उन्हें उत्तीर्ण करने की कृपा करें। स्नातक के छात्रों के अंक पत्र पर अपूर्ण लिख कर प्रदर्शित किया जा रहा है उसे तत्काल प्रभाव से सही कराकर उन्हें उत्तीर्ण करते हुए पुनः परीक्षा परिणाम घोषित किया जाए।तीन विषयों/तीन प्रश्नपत्रों में बैकपेपर का प्रावधान सन 2018 से है।उसकी तिथि को तत्काल प्रभाव से घोषित किया जाए।अनुत्तीर्ण छात्रों को पुनः एक मौका प्रदान किया जाए।
ऐसे में विश्वविद्यालय ने छात्रों को आश्वाशन दिया की बुधवार को परीक्षा समिति की बैठक बुलाकर छात्रों के परिणाम में सुधार किया जायेगा।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डेजी सिंह ने कहा की पांच दिनों के भीतर हमारी समस्त मांगो पर विचार कर निर्णय नहीं लिया जाता है तो हम सभी आंदोलन को बाध्य होंगे।
उक्त अवसर पर कौतुक उपाध्याय ,विराट सिंह,शशांक शेखर सिंह,सचिन सिंह,सुमित सिंह,सुंदरम यादव,आशीष,शालिनी सिंह,अनुराग प्रजापति,अभिषेक त्रिपाठी,हर्ष,प्रिंस त्रिपाठी, समेत आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

