लखनऊ: Assistant Professor भर्ती अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, 21 जुलाई से शुरू होंगे इंटरव्यू

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (Uttar Pradesh Education Service Selection Commission – UPESSC) ने विज्ञापन संख्या-51 के अंतर्गत सहायक आचार्य (Assistant Professor) के 33 विषयों में कुल 910 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार लिखित परीक्षा में सफल 3155 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 21 जुलाई 2026 से 13 अगस्त 2026 तक विभिन्न तिथियों में आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थी 29 जून 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना साक्षात्कार पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

लिखित परीक्षा के बाद जारी हुआ इंटरव्यू कार्यक्रम:

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार (Dr. Prashant Kumar) ने बताया कि इन पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 18 और 19 अप्रैल 2026 को किया गया था। परीक्षा का औपबंधिक परिणाम 9 जून 2026 को घोषित किया गया था। इसमें सफल घोषित 3155 अभ्यर्थियों को अब साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। आयोग ने विस्तृत कार्यक्रम जारी करते हुए सभी विषयों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की हैं।

इन विषयों के होंगे साक्षात्कार:

जारी कार्यक्रम के अनुसार 21 जुलाई को अर्थशास्त्र, 22 जुलाई को वनस्पति विज्ञान एवं दर्शनशास्त्र, 23 जुलाई को रसायन विज्ञान, 24 जुलाई को अंग्रेजी, 28 जुलाई को कृषि अर्थशास्त्र, मानव विज्ञान एवं भूगोल, 29 जुलाई को भौतिक विज्ञान एवं मनोविज्ञान, 30 जुलाई को चित्रकला, संस्कृत एवं उर्दू तथा 31 जुलाई को प्राचीन इतिहास, सैन्य विज्ञान एवं संगीत गायन विषय के साक्षात्कार होंगे। इसके बाद 4 अगस्त को शिक्षाशास्त्र एवं इतिहास, 5 अगस्त को पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान, संगीत तबला, शारीरिक शिक्षा एवं जंतु विज्ञान, 6 अगस्त को विधि एवं राजनीति विज्ञान, 7 एवं 11 अगस्त को हिंदी, 7 अगस्त को गणित, 12 अगस्त को एशियन कल्चर, उद्यान विज्ञान, संगीत सितार, समाजशास्त्र एवं सांख्यिकी तथा 13 अगस्त को वाणिज्य एवं गृह विज्ञान विषयों के साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

आज से डाउनलोड करें साक्षात्कार पत्र:

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थी 29 जून 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर जाकर अपना साक्षात्कार पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने वेबसाइट पर डाउनलोड प्रक्रिया के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश और महत्वपूर्ण निर्देश भी उपलब्ध करा दिए हैं, जिनका पालन करना अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक होगा।

न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी प्रक्रिया:

आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह साक्षात्कार प्रक्रिया उच्च न्यायालय में लंबित विशेष अपील संख्या-368/2026 हरविंदर सिंह व अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य तथा उच्चतम न्यायालय में लंबित विशेष अनुज्ञा याचिका डायरी संख्या-23758/2026 धीरज चंदानी एवं उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में पारित आदेशों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।

#Tags: #UPESSC #AssistantProfessor #Interview2026 #UttarPradesh #Recruitment #Education #Jobs

Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading