बाराबंकी जिले के बड्डूपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब थाने के सामने रील बनाने वाली एक युवती को पुलिस ने वीडियो डिलीट करने का दबाव डाला। मामला इतना बढ़ा कि युवती ने पुलिसकर्मियों के सामने ही चाकू लहराकर धमकी दी और खुद को नुकसान पहुंचाने की बात कहने लगी। पुलिस को मजबूरन खाली हाथ लौटना पड़ा।

थाने के सामने बनी थी रील
बसंतपुर गांव की रहने वाली रूही (22) ने गुरुवार को बड्डूपुर कोतवाली गेट के सामने एक रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। रील तेजी से वायरल होने लगी और देखते ही देखते यह दरोगा अनिल पांडेय तक पहुंच गई। चूंकि वीडियो थाने के सामने शूट किया गया था, इसलिए पुलिस हरकत में आ गई।

पुलिस पहुंची घर, युवती छत पर चढ़ी
दोपहर में दरोगा अनिल पांडेय तीन पुलिसकर्मियों के साथ रूही के घर पहुंचे और रील डिलीट करने की मांग की। पुलिस को देखकर युवती अपनी मां और छोटी बहन के साथ छत पर चढ़ गई और दरवाजे बंद कर लिए। दरोगा ने रील हटाने के लिए कहा तो रूही भड़क उठी। उसने चाकू दिखाकर कहा— “लड़की हूं, कुछ भी कर सकती हूं। हमारा वीडियो मिलियन में चल रहा है, हम डिलीट नहीं करेंगे।”
पुलिस पर ही किया पलटवार
युवती ने पुलिस के बार-बार समझाने पर भी रील डिलीट करने से साफ इनकार कर दिया। जब पुलिस ने सख्त लहजे में बात की तो उसने चाकू दिखाकर धमकी दी और कहा कि अगर दबाव बनाया गया तो वह खुद को नुकसान पहुंचा लेगी। युवती के इस रवैये से पुलिसकर्मी सकते में आ गए। भीड़ जुटने लगी और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस लौट गई खाली हाथ
करीब एक घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा। पुलिस को आशंका होने लगी कि कहीं युवती वाकई खुद को चोट न पहुंचा ले। इसी डर से दरोगा और अन्य पुलिसकर्मी वहां से लौट गए। बाद में लोगों ने राहत की सांस ली कि मामला और नहीं बढ़ा।

मदद की गुहार लगाती नई रील
पुलिस के लौटने के बाद भी युवती नहीं रुकी। उसने अपनी छोटी बहन के साथ एक और वीडियो बनाकर अपलोड किया। इसमें वह कहती है— “क्या हम वीडियो डिलीट करेंगे? हमें योगी जी और मोदी जी की मदद चाहिए। पुलिस आकर हमें धमका रही है कि जेल भेज देंगे और पागल साबित करेंगे। यह गलत है, आप लोग हमारा सपोर्ट करिए।”
परिवार की स्थिति
रूही 8वीं तक पढ़ी है और दिनभर इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाने में समय बिताती है। उसके पिता मुन्ना की बाजार में सैलून की दुकान है। परिवार में एक भाई और बहन भी हैं। भाई की शादी हो चुकी है और उसकी एक बेटी भी है। परिवारजन रूही की हरकतों से परेशान हैं, लेकिन उसका सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक कम नहीं हुआ।
दरोगा ने दी सफाई
दरोगा अनिल पांडेय ने बताया कि युवती लगातार चाकू दिखाकर धमका रही थी, इसलिए न तो गिरफ्तार किया गया और न ही जबरन कार्रवाई की गई। हालांकि, उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर इस पूरे मामले में कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

