लखनऊ, 14 फरवरी। उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में 4 लेन के दो प्रमुख फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इनमें 270 करोड़ रुपये की लागत से बना इंदिरा नगर सेक्टर 25 से खुर्रमनगर-कल्याणपुर फ्लाईओवर (3 किमी) और 170 करोड़ रुपये की लागत से बना पॉलिटेक्निक से मुंशी पुलिया चौराहा फ्लाईओवर (2 किमी) शामिल हैं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कुल 588 करोड़ रुपये की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार द्वारा लखनऊ को न केवल एयरो सिटी बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिटी के रूप में भी विकसित किया जा रहा है।






जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हो रहा है और राज्य के हर नागरिक को बेहतर बुनियादी ढांचा और सार्वजनिक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ को 1000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात मिली है, जिसमें 440 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग की दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं और करीब 600 करोड़ रुपये की विभिन्न राज्य परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि लखनऊ को मेट्रो शहरों की तरह विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
रक्षा मंत्री के मार्गदर्शन से लखनऊ और यूपी के विकास को मिली नई गति- सीएम योगी
सीएम योगी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डिफेंस कॉरिडोर के तहत लखनऊ में भारत डायनेमिक्स लिमिटेड के ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण परियोजना को आगे बढ़ाने से लेकर झांसी में बड़े प्रोजेक्ट्स को लाकर यूपी को डिफेंस निर्माण का केंद्र बनाने में रक्षा मंत्री का योगदान अमूल्य है। लखनऊ के समग्र विकास पर चर्चा करते हुए सीएम योगी ने बताया कि स्टेट कैपिटल रीजन की तर्ज पर लखनऊ को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है। ग्रीन कॉरिडोर, किसान पथ, इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर और इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं लखनऊ को विश्व स्तरीय शहर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा, यमुना एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ते हुए लखनऊ को ट्रांसपोर्ट हब बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बन रहा है- सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘नए भारत का नया उत्तर प्रदेश’ बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापक परिवर्तन हो रहे हैं और राज्य को भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब विश्व स्तरीय सुविधाओं का अनुभव कर रही है और प्रदेश में निवेश, उद्योग, पर्यटन और बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विकास हो रहा है।
अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर में हो रहा ऐतिहासिक निवेश- रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री ने कहा कि 2004 से 2014 तक देश में अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर केवल 1.78 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जबकि 2014 से 2024 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस क्षेत्र में 28.52 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। लखनऊ मेट्रो के विस्तार पर भी जोर दिया गया, जिसमें चारबाग से वसंत कुंज तक की परियोजना को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में यातायात सुगमता के लिए कई फ्लाईओवर और हाईवे बनाए जा रहे हैं। पॉलीटेक्निक चौराहे से मुंशी पुलिया तक 170 करोड़ रुपये की लागत से बने चार लेन फ्लाईओवर और इंदिरा नगर से खुर्रमनगर तक 270 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लाईओवर का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त, अमर शहीद पथ के पास सर्विस रोड के निर्माण हेतु 45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

लखनऊ में रेलवे और हवाई यातायात को मिलेगा बढ़ावा- राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री व लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ के रेलवे नेटवर्क को और अधिक उन्नत किया जा रहा है। गोमतीनगर रेलवे टर्मिनस, आलमनगर सैटेलाइट स्टेशन, ऐशबाग और बादशाहनगर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। ट्रांसपोर्ट नगर और उत्तरेठिया स्टेशन का उच्चीकरण भी किया जा रहा है। हवाई सेवाओं को भी विस्तार देने के लिए लखनऊ एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुविधा और बेहतर हो सके। रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ में डिफेंस कॉरिडोर के तहत ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण परियोजना का उद्घाटन आगामी मई-जून में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास में एक नई ऊंचाई पर पहुंचेगा। इसके अलावा, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे लखनऊ से कानपुर की यात्रा मात्र 40 मिनट में पूरी हो सकेगी।
उत्तर प्रदेश में हो रहा बुनियादी ढांचे का ऐतिहासिक विकास- गडकरी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 1.25 लाख करोड़ रुपये की सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, 1 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं और 1 लाख करोड़ रुपये की योजनाएं पाइपलाइन में हैं। उन्होंने कहा कि कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का निर्माण देश में पहली बार ‘ऑटोमेटेड इंटेलिजेंट मशीन एंड गाइडेड कंस्ट्रक्शन’ तकनीक से किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता बेहतर होगी और 10 वर्षों तक उस पर कोई गड्ढा नहीं बनेगा। इसके अलावा, पूर्वांचल को औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए वाराणसी से कोलकाता और गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक 75,000 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। गडकरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया कि इन परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण और पर्यावरणीय स्वीकृतियों को शीघ्रता से पूरा किया जाए, जिससे इनका काम जल्द शुरू किया जा सके।

उत्तर प्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश की है तैयारी- केंद्रीय मंत्री
गडकरी ने कहा कि महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में ‘एडवांटेज विदर्भ’ कार्यक्रम के तहत साढ़े 9 लाख करोड़ रुपये के उद्योग स्थापित हो रहे हैं। इसी तरह, उत्तर प्रदेश में भी निवेशकों को आकर्षित करने के लिए बड़े स्तर पर औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि जब कोई उद्योगपति निवेश करता है, तो वह सबसे पहले यह देखता है कि बिजली, पानी और सड़कों की स्थिति कैसी है। योगी सरकार ने इन सभी मोर्चों पर शानदार काम किया है, जिससे उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए पहली पसंद बन रहा है।
उत्तर प्रदेश बनेगा देश की आर्थिक रीढ़- नितिन गडकरी
नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 3.5 लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है और अगले कुछ वर्षों में इसे 5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का ऐसा मजबूत वातावरण बना है, जहां अपराधियों में भय और निवेशकों में विश्वास है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश जल्द ही देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शामिल होगा और भारत को विश्वगुरु बनाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण
- बसंतकुंज योजना के निकट नागरियाकला में 400 केएल एवं जी-20 रोड जनेश्वर मिश्र पार्क के निकट 20 केएल स्ट्रॉम ड्रेनेज हेतु फ्लड पम्पिंग स्टेशन
- बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई में 6 डीप नलकूप सीजी सिटी में हार्मनी पार्क (म्यूजिकल एवं स्पोर्ट्स पार्क)
- अहिमामऊ में कल्याण मंडप
शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाएं
- कबीरनगर-देवपुर पारा आवासीय योजना में 1,032 ईडब्ल्यूएस आवास एवं सड़क
- गोमती पर कुकरैल नदी से बैकुंठ धाम तक 4 लेन ब्रिज
- सीजी सिटी योजना के दक्षिणी भाग में ग्रीन पार्क
- शहीद पथ से किसान पथ की ओर गोमती के एलएचएस तटबंध पर सड़क
- बसंतकुंज आवासीय योजना में बरीकला बैरल के पास 400 केएल क्षमता का फ्लड पंपिंग स्टेशन
- गोमती पर पक्के पुल के पास बंधों पर 4 लेन आर्च सेतु एवं पहुंच मार्ग
- माल-दुबग्गा मार्ग (17 किमी) का सुदृढ़ीकरण
- नगराम-निगोहा मार्ग के चैनेज 20 से 29.750 तक का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण
- कुर्री-सुदौली मार्ग (लंबाई-5.730 किमी) का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा व हर्ष मल्होत्रा, यूपी के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, संजय सेठ, बृजलाल, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, समेत कई विधायक व नेतागण मौजूद रहे।
