अमारी-जखनिया मार्ग पर स्थित तिरछी गांव के अंधे मोड़ ने आखिरकार रविवार की रात एक बाइक सवार युवक की जान ले ही ली। जहां मार्ग के किनारे छह फीट के गड्ढे में एक बाइक सवार गिर गया। यही नहीं, ठंड और कोहरा होने के कारण लोगों को इसकी जानकारी सुबह करीब आठ बजे तब हुई, जब टहलने निकले ग्रामीणों की नजर मृतक पर पड़ी। जानकारी होने पर घटना स्थल पर गांव के अन्य लोग पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक अंधे मोड़ के कारण एक वर्ष में दर्जनों लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। अंधा मोड़ के साथ ही सड़क की गिट्टियां भी उखड़ चुकी हैं। इसके कारण इन पर बाइक सवार अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं।
ग्रामीण सुबह अमारी-जखनिया मार्ग पर टहलने के लिए निकले थे। तभी तिरछी गांव के सामने सड़क किनारे करीब छह फीट गड्ढे में बाइक सहित हेलमेट लगाया एक व्यक्ति गिरा दिखाई पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत युवक को बाहर निकाला और शिनाख्त में जुट गई। मोबाइल से मृतक की शिनाख्त जखनिया गोविंद गांव निवासी मनोज शर्मा (28) के रूप में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि घना कोहरा होने के कारण बाइक से घर लौटते वक्त मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर झाड़ियां में टकराते हुए गड्ढे में जा गिरी होगी, जिससे मनोज शर्मा की मौत हो गई होगी। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान थे। परिजन भी घटना स्थल पर पहुंचकर रोने- बिलखने लगे। मृतक मनोज शर्मा गैरेज पर काम करके परिवार का जीविका चलाता था। मृतक की पत्नी गुड़िया देवी और परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह मनोज जलालाबाद दवा लेने गए थे। देर रात लौटते समय बाइक गड्ढे में जा गिरी और किसी का नजर नहीं पड़ी।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बाइक सहित युवक की गड्ढे में गिर मौत हो गई है।

